खुफिया जानकारी चुराने और दूसरे देशों के बड़े राजनेताओं व बिजनेस लीडर्स को अपने जाल में फंसाने के लिए 'हनी ट्रैप' का इतिहास काफी पुराना और बदनाम रहा है. खुफिया एजेंसियां, स्टेट सिक्योरिटी, विदेशी टारगेट्स को फंसाने और उनसे संवेदनशील जानकारियां चुराने के लिए प्यार, झूठे रिश्ते, तारीफ और हुस्न के जाल का इस्तेमाल करने के लिए जानी जाती हैं. साल 2008 में ही ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI5 ने अपने देश के व्यापारियों को चेतावनी दी थी कि चीन उनकी बिजनेस ट्रिप्स पर नजर रखता है और उनके होटल के कमरों में सीक्रेट कैमरे लगाकर उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड कर लेता है ताकि बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जा सके. इसका एक सबसे बड़ा और चर्चित मामला साल 2020 में सामने आया था, जब FBI ने Christine Fang नाम की एक चीनी महिला एजेंट का भंडाफोड़ किया था. क्रिस्टीन ने अमेरिकी राजनीतिक गलियारों में घुसपैठ करने के लिए कई स्थानीय अमेरिकी नेताओं को डेट किया था और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे.
अब ठीक ऐसा ही एक और हाई-प्रोफाइल मामला दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप मेकर कंपनी Nvidia के CEO Jensen Huang के साथ सामने आया है. जेन्सेन ने खुद स्वीकार किया है कि वे एक कथित चीनी महिला जासूस के जाल में फंस गए थे. जिस पर चीन के लिए Nvidia की बेहद गोपनीय और संवेदनशील तकनीक चुराने का आरोप है. अपने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में 63 वर्षीय जेन्सेन ने बेहद शर्मिंदा होते हुए लिखा कि मैं अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहा. मेरे इस काम ने मेरी पत्नी और बच्चों को गहरी ठेस पहुंचाई है. मैंने जो किया उसका कोई बहाना नहीं है और मुझे इसका बेहद अफसोस है. आइए जानते हैं कि ये पूरा मामला क्या है और इस कथित चीनी जासूस ने Nvidia के पावरफुल CEO को कैसे अपना निशाना बनाया.
आखिर कौन है Alice Huang?
Alice Huang को Huang Le के नाम से भी जाना जाता है. वह एक चीनी नागरिक हैं. वे सिंगापुर में स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में एक काफी सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर रही थीं. खास बात ये है कि उनका सरनेम Nvidia के सीईओ Jensen Huang से मिलता है, लेकिन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस ने अपने करियर की शुरुआत एक टेलीविजन पत्रकार के रूप में की थी.
यह भी पढ़ें | चीनी जासूस Alice Huang के हुस्न के जाल में कैसे फंस गए Nvidia के CEO? जानें इनसाइड स्टोरी
🚨🇺🇸🇨🇳 HUGE SCANDAL: NVIDIA CEO JENSEN HUANG APOLOGISES AFTER CHEATING ON HIS WIFE WITH A CHINESE SPY! 🤯 Beijing recruited her to steal secrets about NVIDIA and its AI chips. @Grok Did he lure her into s*x? https://t.co/QyyEQHKpBT
— Samridhi (@samridhi_i) November 9, 2026
लेकिन बाद में उन्होंने अचानक अपना पासा पलटा और वे टेक्नोलॉजी और डेटा सेंटर के बिजनेस में शामिल हो गईं. पत्रकारिता से सीधे कॉर्पोरेट जगत में कदम रखने के उनके इस फैसले ने उन्हें ग्लोबल एआई चिप सप्लाई चेन के बेहद करीब पहुंचा दिया. सार्वजनिक रूप से एलिस के निजी जीवन और शुरुआती करियर के बारे में ज्यादा दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन मेगास्पीड कंपनी के साथ उनके जुड़ाव और एनवीडिया के कीमती कंप्यूटिंग इक्विपमेंट्स के सौदों ने उन्हें अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की रडार पर ला खड़ा किया.
टीवी एंकर से सीधे AI चिप बिजनेस में एंट्री: कैसे बिछाया जाल?
Alice Huang ने पत्रकारिता छोड़ने के बाद सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में एक सीनियर एग्जीक्यूटिव का पद संभाला. ये कंपनी Nvidia के सबसे पावरफुल एआई चिप्स वाले कंप्यूटिंग सर्वर्स को खरीदने और उनके डेटा सेंटर्स को अन्य कंपनियों को किराए पर देने का काम करती है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, मेगास्पीड असल में एआई कंप्यूटिंग इंडस्ट्री में एक इंटरमीडिएरी के रूप में काम कर रही थी. ये कंपनी एनवीडिया के एडवांस प्रोसेसर्स से लैस डेटा सेंटर्स को चीन की दिग्गज ई-कॉमर्स और टेक कंपनी Alibaba जैसी कंपनियों को किराए पर उपलब्ध कराती थी. एलिस के इस पद ने उन्हें एनवीडिया की उस तकनीक तक सीधी पहुंच दे दी थी, जिसे अमेरिका ने सुरक्षा कारणों से चीन को बेचने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा था. यानी इस कंपनी के जरिए चीनी फर्म्स बिना चिप्स को चीन मंगाए, विदेश में लगे सर्वर्स को किराए पर लेकर एआई का इस्तेमाल कर रही थीं.
इसी बीच, जून 2024 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म LinkedIn पर एक तस्वीर सामने आई, जिसमें Alice Huang ताइपे के एक बार में Nvidia के सीईओ Jensen Huang के ठीक बगल में बैठी नजर आ रही थीं. वे दोनों ताइवान की बड़ी कंप्यूटर हार्डवेयर कंपनियों के अधिकारियों के साथ व्हिस्की पी रहे थे. इसके बाद मई 2025 में एक और मुलाकात की तस्वीरें सामने आईं, जहां ताइपे में AI सप्लायर्स के साथ एक डिनर के बाद Alice Huang सीधे Jensen Huang के ठीक पीछे खड़ी थीं जब वे मीडिया से बातचीत कर रहे थे. अब यही तस्वीरें और मुलाकातें अमेरिकी जांच एजेंसियों के लिए इस बात का बड़ा सबूत बन गई हैं कि कैसे एलिस ने बेहद शातिर तरीके से Nvidia प्रमुख के करीब आकर चीनी 'हनी ट्रैप' की इस बड़ी साजिश को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें | लैब पार्टनर से शादी और फिर अरबों का साम्राज्य, कौन हैं Nvidia बॉस को फर्श से अर्श तक पहुंचाने वाली लोरी मिल्स?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं