- दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन फिलहाल बंद
- NEET प्रदर्शन के चलते लिया गया फैसला
- यात्रा से पहले जरूर चेक करें लेटेस्ट अपडेट
दिल्ली में सफर करने वाले यात्रियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्र संगठनों के प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो ने सेंट्रल दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखा है. यह प्रदर्शन NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर मंतर पर किया जा रहा है. ऐसे में अगर आप सेंट्रल दिल्ली की ओर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपने रूट और मेट्रो की स्थिति जरूर जांच लें.
क्यों बंद किए गए मेट्रो स्टेशन?
रिपोर्ट के मुताबिक, Cockroach Janta Party (CJP) के कार्यकर्ता NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने जंतर मंतर के आसपास के कई स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही रोक दी है.
हालांकि, इन स्टेशनों से मेट्रो ट्रेनें गुजरती रहेंगी, लेकिन वे यहां नहीं रुकेंगी. इसके अलावा इन स्टेशनों के सभी एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे.लेकिन इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह चालू रहेगी.

Photo Credit: AI generated Image
बंद किए गए 16 मेट्रो स्टेशनों की सूची
DMRC के अनुसार फिलहाल 16 स्टेशनों को बंद किया गया है.
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
कब तक रहेंगे स्टेशन बंद?
DMRC ने अपने आधिकारिक X (पहले Twitter) अकाउंट पर जानकारी दी है कि इन 16 स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से बंद किया गया है और अगले आदेश तक ये बंद रहेंगे. हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यात्रियों को स्टेशन के अंदर प्रवेश या बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी.
घर से निकलने से पहले ऐसे करें स्टेटस चेक
प्रदर्शन की स्थिति के अनुसार दिनभर में मेट्रो सेवाओं में बदलाव हो सकता है. ऐसे में पुराने अपडेट पर भरोसा करने के बजाय यात्रा शुरू करने से पहले DMRC के आधिकारिक X और Instagram अकाउंट पर लेटेस्ट जानकारी जरूर देखें.
इसके अलावा आप Google AI Mode या Gemini जैसे AI टूल्स की मदद से भी यह पता लगा सकते हैं कि इस समय कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन खुले हैं और किन स्टेशनों पर सेवाएं प्रभावित हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं