टेलीकॉम कंपनियां लगातार यूजर्स को झटका दे रही हैं. हाल ही में Airtel ने अपने कई सस्ते रिचार्ज प्लान को बंद कर दिया था. इसके अलावा Jio ने भी प्लान के दाम न बढ़ाने की गारंटी के लिए 300 रुपये का प्राइम रिचार्ज पेश किया है. अब सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL भी पीछे नहीं है. BSNL ने अपने एक रिचार्ज प्लान की वैलिडिटी को कम कर दिया है.
टेलीकॉम टॉक की रिपोर्ट के अनुसार, BSNL ने अपने 225 रुपये वाले प्रीपेड प्लान की वैलिडिटी कम कर दी है. पहले इस प्लान में 30 दिन की वैलिडिटी मिलती थी, लेकिन अब इसे कम करके 28 दिन कर दिया गया है. प्लान की कीमत अभी भी 225 रुपये है, लेकिन कम वैलिडिटी की वजह से इसका रोजाना खर्च बढ़ गया है. इस प्लान में रोज 2.5GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 100 SMS प्रतिदिन मिलते हैं. ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए यह BSNL के किफायती प्लान में शामिल है.
BSNL के 225 रुपये वाले प्लान में बदलाव
BSNL के 225 रुपये वाले प्रीपेड प्लान में रोज 2.5GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है. रोजाना डेटा सीमा खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड कम हो जाती है. इसके अलावा ग्राहकों को अनलिमिटेड लोकल और STD वॉयस कॉलिंग के साथ रोज 100 SMS मिलते हैं. इस प्लान में कोई OTT सब्सक्रिप्शन शामिल नहीं है. सबसे बड़ा बदलाव इसकी वैलिडिटी में हुआ है. पहले 225 रुपये का प्लान 30 दिनों के लिए वैलिड था, लेकिन अब इसकी वैलिडिटी सिर्फ 28 दिन रह गई है.
रोजाना इतना पड़ेगा खर्च
30 दिन की वैलिडिटी के दौरान 225 रुपये के हिसाब से एक दिन का औसत खर्च 7.50 रुपये पड़ता था. अब 28 दिन की वैलिडिटी के साथ यही खर्च बढ़ाकर करीब 8.03 रुपये प्रतिदिन हो गया है. यानी एक रिचार्ज पर अतर बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन साल में बार-बार रिचार्ज करने पर ग्राहकों का कुल खर्च बढ़ सकता है. ये बदलाव BSNL के लिए प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU बढ़ाने में भी मदद कर सकता है.
225 रुपये में मिल रहा 2.5GB रोजाना डेटा
वैलिडिटी कम होने के बावजूद BSNL का 225 रुपये वाला प्लान डेटा के मामले में अभी भी काफी किफायती है. इसमें रोज 2.5GB डेटा मिलता है.
Jio और Airtel जैसे निजी टेलीकॉम ऑपरेटरों के मुकाबले BSNL का ये प्लान कम कीमत में ज्यादा डेटा देने का दावा करता है. अगर किसी ग्राहक को कम से कम 28 दिनों के लिए रोज 2.5GB डेटा वाला प्लान चाहिए तो प्राइवेट कंपनियों के समान प्लान के लिए 400 से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- न मोबाइल टावर, न सिम, ‘TATA' सीधे आसमान से देगा इंटरनेट, जानें क्या है D2D टेक्नोलॉजी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं