- Apple ला रहा है नया Upgrade सब्सक्रिप्शन प्लान
- हर महीने किस्त देकर ले सकेंगे नया iPhone
- लीज खत्म होने से पहले भी मिलेगा अपग्रेड विकल्प
Apple जल्द ही अपने ग्राहकों के लिए एक नया लीजिंग प्रोग्राम लॉन्च कर सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी Apple Upgrade नाम की नई सर्विस शुरू करने की तैयारी कर रही है. इस प्लान के तहत यूजर्स iPhone, Mac, iPad और Apple Watch जैसे डिवाइस को एक तरह के सब्सक्रिप्शन मॉडल पर इस्तेमाल कर सकेंगे. यानी एकमुश्त रकम देने के बजाय हर महीने तय रकम चुकानी होगी. खास बात यह है कि यूजर्स लीज खत्म होने से पहले ही नया डिवाइस अपग्रेड कर सकेंगे या फिर पूरा भुगतान करके उसी डिवाइस को अपने पास रख सकेंगे.
Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, Apple इस नई सर्विस को 28 जुलाई से अमेरिका में शुरू कर सकता है. कंपनी इस प्रोग्राम के लिए Klarna Group के साथ पार्टनरशिप करेगी. शुरुआत में यह सुविधा Apple के रिटेल स्टोर और ऑनलाइन स्टोर दोनों पर उपलब्ध होगी. भारत जैसे देश में यह सर्विस शुरू होगी या नहीं, इस पर फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है.
Apple Upgrade प्लान ऐसे करेगा काम
Apple Upgrade का मॉडल काफी हद तक कार लीज की तरह होगा. ग्राहक हर महीने किस्त देकर डिवाइस इस्तेमाल करेंगे. लीज पूरी होने पर डिवाइस वापस किया जा सकेगा. अगर कोई ग्राहक तय समय से पहले पूरा भुगतान करना चाहता है या नया मॉडल लेना चाहता है, तो उसे अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है.

iPhone 17
Photo Credit: Apple
अलग-अलग डिवाइस के लिए लीज की अवधि भी अलग होगी. iPhone और Apple Watch के लिए 24 महीने का प्लान मिलेगा. वहीं Mac और iPad के लिए 36 महीने की लीज होगी. इस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए यूजर्स को Soft Credit Check पास करना होगा.
कम होगी मासिक किस्त
रिपोर्ट के मुताबिक, Apple इस नई सर्विस को मौजूदा फाइनेंसिंग प्लान की तुलना में कम मासिक भुगतान वाले विकल्प के तौर पर पेश करेगा. इसके साथ ही कंपनी अपने मौजूदा iPhone Upgrade Program और स्टैंडर्ड फाइनेंसिंग प्लान में नए रजिस्ट्रेशन बंद कर सकती है. हालांकि, Apple Upgrade में AppleCare का फायदा नहीं मिलेगा, जबकि मौजूदा iPhone Upgrade Program में यह सुविधा शामिल है.
इन डिवाइस पर नहीं मिलेगा फायदा
रिपोर्ट के अनुसार, Apple Upgrade प्रोग्राम में कुछ डिवाइस शामिल नहीं होंगे. इनमें Apple Watch SE, एंट्री-लेवल iPad, iPhone 16 और MacBook Neo शामिल हैं. इसके अलावा बिजनेस और एजुकेशन कैटेगरी में की गई खरीदारी भी इस प्रोग्राम के दायरे में नहीं आएगी.
नए iPhone लॉन्च से पहले आ सकता है प्लान
रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब Apple के नए iPhone लॉन्च होने में करीब दो महीने का समय बचा है. माना जा रहा है कि यह नया Apple Upgrade प्लान आने वाली iPhone 18 सीरीज पर भी लागू हो सकता है.
इस साल कंपनी iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और नए iPhone Fold या iPhone Ultra को लॉन्च कर सकती है. वहीं स्टैंडर्ड iPhone 18, iPhone 18e और iPhone Air 2 के अगले साल आने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं