विज्ञापन

Apple के नए CEO John Ternus को इतनी मिलेगी सैलरी, जान कर हो जाएंगे हैरान!

John Ternus Apple के नए बॉस बन गए हैं. अब लोगों को उनकी सैलरी जानने में भी काफी दिलचस्पी है. यहां पर आपको John Ternus की सैलरी के बारे में पूरी डिटेल्स से बता रहे हैं.

Apple के नए CEO John Ternus को इतनी मिलेगी सैलरी, जान कर हो जाएंगे हैरान!

Apple में एक नए दौर की शुरुआत हो चुकी है और कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव John Ternus ने Tim Cook की जगह नए CEO के तौर पर कमान संभाल ली है. John Ternus के पदभार ग्रहण करते ही Apple ने US Securities and Exchange Commission (SEC) में दाखिल एक नई फाइलिंग में टर्नस और टिम कुक दोनों के नए पे-पैकेज का आधिकारिक खुलासा कर दिया है.

नए रोल के तहत Apple के नए CEO जॉन टर्नस का चालू वित्त वर्ष के लिए टारगेट कंपनसेशन पैकेज लगभग 58 मिलियन डॉलर (करीब 551 करोड़ रुपये) तय किया गया है, जबकि कंपनी के नए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बने टिम कुक को करीब 47 मिलियन डॉलर (लगभग 446 करोड़ रुपये) मिलेंगे.

सैलरी का ब्रेकडाउन

फाइलिंग के अनुसार, नए CEO जॉन टर्नस के 58 मिलियन डॉलर के कुल पैकेज में 3 मिलियन डॉलर (करीब 28.5 करोड़ रुपये) की सालाना बेसिक सैलरी और अगले वित्त वर्ष के लिए 55 मिलियन डॉलर (करीब 522 करोड़ रुपये) के टारगेट स्टॉक अवॉर्ड्स शामिल हैं. वहीं दूसरी तरफ, एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में टिम कुक के 47 मिलियन डॉलर के पैकेज में 2 मिलियन डॉलर की सालाना बेसिक सैलरी और वित्त वर्ष 2027 के लिए 45 मिलियन डॉलर के प्लान्ड स्टॉक अवॉर्ड्स तय किए गए हैं.

गौरतलब है कि CEO रहते हुए टिम कुक की बेसिक सैलरी 3 मिलियन डॉलर थी और पिछले साल उन्होंने कुल 74.3 मिलियन डॉलर कमाए थे. यानी चेयरमैन की नई भूमिका में कुक के कुल सालाना पैकेज में कटौती हुई है.

कंपनी ने साफ किया है कि दोनों दिग्गजों को मिलने वाले इन स्टॉक अवॉर्ड्स की अंतिम वैल्यू शेयर मार्केट में Apple के शेयर प्राइस के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगी. फिलहाल इस फाइलिंग में किसी नए कैश बोनस का जिक्र नहीं किया गया है. इसके अलावा जॉन टर्नस को सितंबर में खत्म होने वाले वित्त वर्ष 2026 के लिए लगभग 2.5 मिलियन डॉलर का प्रो-रेटेड रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट (RSU) अवॉर्ड भी मिलेगा.

उनके वित्त वर्ष 2027 के बड़े इक्विटी अवॉर्ड में से 75 फीसदी हिस्सा परफॉर्मेंस-बेस्ड RSUs होगा, जो S&P 500 इंडेक्स की अन्य दिग्गज कंपनियों के मुकाबले Apple के शेयरहोल्डर रिटर्न पर आधारित होगा. बाकी 25 फीसदी हिस्सा टाइम-बेस्ड RSUs होगा जो अगले चार सालों में सेमी-एनुअल किस्तों में वेस्ट (अनलॉक) होगा. सीधे शब्दों में कहें तो टर्नस की कमाई का बड़ा हिस्सा इस बात पर निर्भर करेगा कि अमेरिकी बाजार की अन्य टॉप कंपनियों के मुकाबले Apple कैसा प्रदर्शन करती है. इससे पहले सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रोल में टर्नस का अनुमानित पैकेज करीब 25 मिलियन डॉलर (लगभग 237 करोड़ रुपये) था.

Tim Cook का पैकेज

टिम कुक के नए पैकेज की बात करें तो उनके वित्त वर्ष 2027 के इक्विटी अवॉर्ड का 50 फीसदी हिस्सा परफॉर्मेंस-बेस्ड और बाकी 50 फीसदी हिस्सा चार साल में अनलॉक होने वाले टाइम-बेस्ड RSUs के रूप में होगा, यानी उनके पैकेज में परफॉर्मेंस रिस्क टर्नस के मुकाबले कम रखा गया है. फाइलिंग की एक खास शर्त के मुताबिक यदि टिम कुक ग्रांट डेट की पहली सालगिरह पर या उसके बाद रिटायर होते हैं, तब भी उन्हें ये शेयर मूल वेस्टिंग डेट्स पर ही मिलेंगे.

आमतौर पर किसी एग्जीक्यूटिव के कंपनी छोड़ने पर उसके अनवेस्टेड शेयर्स रद्द हो जाते हैं, लेकिन कुक के मामले में ऐसा नहीं होगा. बीते वर्ष 2025 में CEO के रूप में टिम कुक को कुल 74.3 मिलियन डॉलर मिले थे, जिसमें 3 मिलियन डॉलर सैलरी, 12 मिलियन डॉलर कैश अवॉर्ड और 57.5 मिलियन डॉलर के स्टॉक अवॉर्ड्स शामिल थे.

टिम कुक द्वारा जॉन टर्नस को जिम्मेदारी सौंपना इस सदी में Apple के CEO पद पर हुआ दूसरा बड़ा बदलाव है. कुक को अगस्त 2011 में कंपनी के को-फाउंडर Steve Jobs की जगह Apple का CEO बनाया गया था. अपने 15 साल के ऐतिहासिक कार्यकाल के दौरान कुक ने Apple के मार्केट वैल्यूएशन को 350 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 4.5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

ये भी पढ़ें- फ्रिज में कभी नहीं मिलेगी खाने की बदबू! Whirlpool ने लॉन्च किया 4 दरवाजों वाला रेफ्रिजरेटर, जानें कीमत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
John Ternus, Apple CEO 2026, Apple CEO Salary, Apple
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com