विज्ञापन
This Article is From Feb 19, 2018

चेन्नई ओपन में खिताब से चूके युकी भांबरी ATP रैंकिंग में टॉप-100 के करीब पहुंचे

युकी भांबरी अब 101वें स्थान पर पहुंच गए हैं. वह पिछले दो साल में उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी है.

चेन्नई ओपन में खिताब से चूके युकी भांबरी ATP रैंकिंग में टॉप-100 के करीब पहुंचे
भारतीय टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: युकी भांबरी भले ही चेन्नई ओपन चैलेंजर टूर्नामेंट के फाइनल में हार गए, लेकिन इस अच्छे प्रदर्शन के दम पर वह आज ताजा एटीपी रैंकिंग में 11 पायदान की लंबी छलांग लगाकर फिर से टॉप-100 में जगह बनाने के करीब पहुंच गए. युकी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जॉर्डन थाम्पसन से 5-7, 6-3, 5-7 से हार गए थे. हालांकि इस एटीपी टूर्नामेंट में उपविजेता बनने पर पुरुष एकल रैंकिंग में लाभ हुआ और वह अब 101वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो पिछले दो साल में उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है.

यह भी पढ़ें : लिएंडर पेस फिर से दुनिया के शीर्ष 50 खिलाड़ियों में, लगाई 14 पायदान की छलांग

यह भारतीय खिलाड़ी आखिरी बार फरवरी 2016 में एक सप्ताह के लिए टॉप-100 में (99वें स्थान) पहुंचा था, लेकिन इसके बाद चोटों से जूझने के कारण उनकी रैंकिंग में लगातार गिरावट आती रही. एक समय वह 552वें स्थान पर पहुंच गए थे. कोर्ट पर वापसी करने के बाद हालांकि उनकी रैंकिंग में लगातार सुधार होता रहा.

यह भी पढ़ें :  युकी भांबरी आगे बढ़े, सानिया पर टॉप-10 से बाहर होने का खतरा

रामकुमार रामनाथन भारतीय खिलाड़ियों में युकी के बाद दूसरे स्थान पर हैं. रामकुमार एक पायदान ऊपर 140वें स्थान पर पहुंच गए हैं. सुमित नागल भी एक स्थान ऊपर 216वें नंबर पर पहुंच गये हैं. पुरुष युगल रैंकिंग में रोहन बोपन्ना पहले की तरह 20वें स्थान पर बने हुए हैं और भारतीय खिलाड़ियों में शीर्ष पर हैं. उनके बाद दिविज शरण (42), लिएंडर पेस (49) और पुरव राजा (57) का नंबर आता है. पेस दो पायदान नीचे खिसके हैं. महिलाओं की डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सानिया मिर्जा 14वें स्थान पर बनी हुई हैं.

(इनपुट : भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yuki Bhambri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com