Spain vs Argentina, FIFA World Cup 2026 Final: स्पेन ने अपना दूसरा फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप जीत लिया है. फेरान टोरेस के एक्स्ट्रा-टाइम गोल ने अपना आखिरी वर्ल्डकप खेल रहे लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना की मजबूत डिफेंस को तोड़ दिया, और 2010 के बाद दूसरी बार यह ट्रॉफी अपनी झोली में कर ली. अमेरिका के न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में 80 हजार से ज्यादा लोग एक रोमांचक और कड़े मुकाबले को देखने के लिए जमा हुए. यह मैच अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के जान-बूझकर किए गए फाउल से भरा रहा और 1-0 के स्कोर पर खत्म हुआ. इन सबके बीच दोनों देशों के फैन्स में गजब का क्रेज देखने को मिला. उन्होंने स्टेडियम में सीट पाने से लेकर बीयर उड़ाने तक के लिए, खूब पैसे खर्च किए.
11 लाख की टिकट, 1800 की एक बीयर...
अर्जेंटीना और स्पेन के फैंस हजारों मील का सफर करके वर्ल्ड कप फाइनल देखने आए थे. उन्होंने टिकट, बीयर और विग तक पर हजारों-हजार डॉलर खर्च किए. कम से कम अर्जेंटीना के फैंस के लिए लियोनेल मेसी को अलविदा कहने के लिए टिकट की कोई भी बहुत ज्यादा कीमत ज्यादा नहीं थी, क्योंकि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप मैच था.
वर्ल्ड कप फाइनल के टिकट हजारों डॉलर में बिक रहे थे. मैच वाले दिन सुबह भी FIFA के पास 10,990 डॉलर की लिस्ट प्राइस वाले टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध थे. भारतीय करेंसी में यह रकम लगभग 11 लाख रुपए के आसपास बैठती है.
मैकोटा और उनके एक दोस्त फाइनल मैच देखने के लिए अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स से न्यू जर्सी आए थे. उनके लिए टिकट की कीमत क्या थी मैकोटा ने बताया, "अमेरिकी करेंसी में लगभग 10,000 डॉलर." जिस 18 डॉलर (लगभग 1800 रुपए) की बीयर खरीदने के लिए वह लाइन में खड़े थे, वह मैच के उस महंगे टिकट के सामने बहुत मामूली लग रही थी.
वैसे उनके दोस्त सैंटियागो बुर्काको को टिकट के लिए 5,000 डॉलर ही खर्च करने पड़े. मैकोटा के दोस्त ने कहा कि मैंने यह टिकट वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ही खरीद लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं