कहते है कि अर्निंग के लिए पहले लर्निंग जरूरी है. बिना लर्न यानी सीखे जब कोई अर्न यानी कमाने चलता है, तो वह अपनी जमा पूंजी भी खो बैठता है. लिहाजा, अगर आप शेयर बाजार (Stock Market) में पहली बार प्रवेश करने जा रहे हैं, तो निवेश या ट्रेडिंग से पहले शेयर बाजार की समझ होना बेहद जरूरी है.
दरअसल, नए निवेशकों के लिए बाजार की भाषा और तकनीकी शब्द अक्सर किसी पहेली जैसे लगते हैं. जब तक आप इन बुनियादी शब्दों का सही मतलब नहीं समझेंगे, तब तक सही कंपनियों का चुनाव करना और सही समय पर सौदे बनाना मुश्किल होगा. इसी लिए एनडीटीवी आपके निवेश, ट्रेडिंग और आपकी वित्तीय यात्रा को आसान बनाने के लिए शेयर बाजार की प्रमुख शब्दावली का सरल हिंदी अनुवाद लेकर आया है, जो नीचे दिए गए हैं.
बाजार के बेसिक शब्द
- शेयर (Share): किसी कंपनी में मालिकाना हक या हिस्सेदारी का सबसे छोटा हिस्सा. किसी कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद इसे ही खरीदा और बेचा जाता है.
- स्टॉक एक्सचेंज (Stock Exchange): वह डिजिटल प्लेटफॉर्म जहां शेयरों की खरीद बिक्री की जाती है, जैसे भारत में NSE व BSE.
- डीमैट खाता (Demat Account): निवेशकों के खरीदे गए शेयरों को डिजिटल रूप में रखने वाला बैंक खाता जैसा अकाउंट.
- ट्रेडिंग खाता (Trading Account): शेयर बाजार में शेयर खरीदने या बेचने के ऑर्डर प्लेस करने वाला खाता, जो आपके बैंक और डीमैट अकाउंट से जुड़ा होता है.
- ब्रोकर (Broker): सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड मध्यस्थ कंपनी (जैसे Zerodha, Groww, Angel One), जो आपको शेयर बाजार से जोड़कर ट्रेडिंग और निवेश के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराता है.
- आईपीओ (IPO Initial Public Offering): जब कोई प्राइवेट कंपनी पहली बार आम जनता के लिए अपने शेयर बाजार में लाती है.
बाजार की दिशा और सेंटिमेंट से संबंधित शब्द
बुल मार्केट (Bull Market): जब बाजार में चारों तरफ तेजी का माहौल हो और ज्यादातर शेयरों के दाम लगातार बढ़ रहे हों.
बियर मार्केट (Bear Market): जब बाजार में मंदी का दौर हो और शेयरों की कीमतें लगातार गिर रही हों.
करेक्शन (Correction): किसी शेयर या पूरे बाजार में बड़ी तेजी के बाद आने वाली हल्की और अस्थाई गिरावट.
रैली (Rally): बाजार या किसी विशेष शेयर की कीमत में कम समय के भीतर आने वाली बड़ी और तेज बढ़त.
क्रैश (Crash): किसी बड़ी वैश्विक या आर्थिक मंदी की वजह से बाजार में अचानक और भारी गिरावट आना.
ट्रेडिंग और ऑर्डर से संबंधित शब्द
- इंट्राडे ट्रेडिंग (Intraday Trading): एक ही दिन के भीतर शेयर खरीदकर उसे बेच देना.
- डिलीवरी ट्रेडिंग (Delivery Trading): खरीदे गए शेयरों को तुरंत न बेचकर डीमैट खाते में होल्ड रखना और लंबे समय बाद बेचना.
- मार्केट ऑर्डर (Market Order): स्क्रीन पर दिख रहे मौजूदा बाजार भाव पर तुरंत शेयर खरीदने या बेचने का आदेश देना.
- लिमिट ऑर्डर (Limit Order): अपनी मनपसंद या तय की गई कीमत पर शेयर खरीदने या बेचने का एडवांस ऑर्डर लगाना.
- स्टॉप लॉस (Stop Loss): बाजार में बड़े नुकसान से बचने के लिए पहले से तय किया गया एक ऑटोमैटिक सेलिंग प्राइस.
यह भी पढ़ें- SIP में निवेश कर बनना चाहते हैं करोड़पति, तो भूल कर भी न करें ये गलतियां
वित्तीय और रिसर्च से जुड़े शब्द
- मार्केट कैपिटलाइजेशन (Market Cap): किसी कंपनी के कुल शेयरों की मौजूदा बाजार कीमत के आधार पर उसकी कुल वैल्यू.
- डिविडेंड (Dividend ): कंपनी की ओर से अपने शुद्ध मुनाफे में से अपने शेयरधारकों को दिया जाने वाला नकद हिस्सा.
- पोर्टफोलियो (Portfolio): निवेशकों के खरीदे गए सभी शेयरों, म्यूचुअल फंडों और अन्य निवेशित संपत्तियों का कुल कलेक्शन.
- पीई रेशियो (P/E Ratio): प्राइस टू अर्निंग रेशियो, जो यह बताने में मदद करता है कि शेयर की मौजूदा कीमत उसकी कमाई के मुकाबले सस्ती है या महंगी.
- लिक्विडिटी (Liquidity): किसी शेयर को बाजार में कितनी आसानी और तेजी से खरीदा या बेचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में पहली बार निवेश कैसे करें? जानें डीमैट अकाउंट खोलने और पहला शेयर खरीदने की पूरी प्रक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं