विज्ञापन
This Article is From Nov 12, 2017

राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप: तीन साल बाद 'दंगल' में वापसी करेंगे सुशील कुमार, लेकिन योगेश्वर नहीं

भारत के स्टार पहलवान और ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले सुशील कुमार ने इंदौर में 15 से 18 नवंबर के बीच होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने की पुष्टि कर दी है.

राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप: तीन साल बाद 'दंगल' में वापसी करेंगे सुशील कुमार, लेकिन योगेश्वर नहीं
सुशील कुमार (फाइल फोटो)
  • राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेंगे पहलवान सुशील कुमार
  • तीन साल बाद दंगल में वापसी करेंगे सुशील कुमार
  • नहीं हिस्सा लेंगे लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त
नई दिल्ली: भारत के स्टार पहलवान और ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले सुशील कुमार ने इंदौर में 15 से 18 नवंबर के बीच होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने की पुष्टि कर दी है लेकिन योगेश्वर दत्त प्रतिस्पर्धी कुश्ती में अभी वापसी नहीं करेंगे. बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और लंदन ओलंपिक में रजत पदक विजेता सुशील तीन साल बाद वापसी कर रहे हैं. वह रेलवे की तरफ से राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे. रेलवे की तरफ से 74 किग्रा भार वर्ग में कौन भाग लेगा इसके लिये सुशील और दिनेश के बीच ट्रायल होना था. दिनेश ने हालांकि अपने इस सीनियर पहलवान को वाकओवर दे दिया.

यह भी पढ़ें: डब्ल्यूडब्ल्यूई अधिकारियों से मिले पहलवान सुशील कुमार, बोले- 'मैं काफी विकल्‍प देख रहा हूं'...

पूर्व राष्ट्रीय जूनियर चैंपियन दिनेश को पहले 74 किग्रा भार वर्ग में रेलवे बी टीम में चुना गया था. रेलवे की दो टीमें राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी जिसमें सुशील को 'बी' टीम में रखा गया है. प्रवीण राणा 74 किग्रा भार वर्ग में ही रेलवे की 'ए' टीम से चुनौती पेश करेंगे. सुशील ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 के बाद पहली बार किसी प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेंगे. इस 34 वर्षीय पहलवान ने कहा कि अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल करने के बाद अब उनकी निगाहें राष्ट्रीय चैंपियनशिप और अगले साल के शुरू में होने वाली पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: भारतीय कुश्‍ती महासंघ ने सुशील कुमार के लिए पद्म भूषण की सिफारिश की

सुशील ने कहा कि मैं अभी शारीरिक और मानसिक रूप से अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल कर चुका हूं और प्रतियोगी स्तर पर उतरने के लिये पूरी तरह तैयार हूं. मुझे विश्वास है कि कुश्ती प्रेमी पहले राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में और फिर पीडब्ल्यूएल में मुझे एक नए उत्साह से खेलते हुए देखेंगे. इस बीच लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने पुष्टि की कि वह राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेंगे. भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने पुष्टि की कि रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक, फोगाट बहनें गीता और विनेश के भी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने की संभावना है. बबिता कुमारी हालांकि चोट के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं उतरेंगी.

VIDEO: जब सुशील ने कहा कि दो अलग-अलग कैटेगरी में नरसिंह को दे चुका हूं पटखनी


(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
National Wrestling Championship, Sushil Kumar, Yogeshwar Dutt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com