विज्ञापन
This Article is From Dec 17, 2016

पेशेवर कुश्ती लीग से हटे योगेश्वर दत्त, बजरंग भारत के सबसे महंगे पहलवान, साक्षी मलिक को ऋतु फोगट से भी कम मिली राशि

पेशेवर कुश्ती लीग से हटे योगेश्वर दत्त, बजरंग भारत के सबसे महंगे पहलवान, साक्षी मलिक को ऋतु फोगट से भी कम मिली राशि
बजरंग पूनिया को दिल्ली ने 38 लाख रुपये में खरीदा...
नई दिल्ली: स्टार पहलवान योगेश्वर दत्त ने पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) के दूसरे सत्र में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि शुक्रवार को उन्होंने नीलामी में शामिल नहीं होने का फैसला किया जिसमें बजरंग पूनिया भारत के सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे. उन्हें दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने 38 लाख रुपये में खरीदा. रियो ओलिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता जार्जिया के व्लादिमेर खिनचेगाशविली को पंजाब ने 48 लाख रुपये में खरीदा और वह पीडब्ल्यूए-2 के सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए. दिल्ली ने मारिया स्टैडनिक पर 47 लाख रुपये खर्च किए और इस तरह से वह नीलामी में सबसे महंगी महिला पहलवान बनीं, जबकि भारतीय स्टार साक्षी मलिक को केवल 30 लाख रुपये ही मिले. यहां तक कि साक्षी मलिक को 2016 की राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता ऋतु फोगट ने भी पीछे छोड़ दिया. उन्हें नयी फ्रेंचाइजी जयपुर ने 36 लाख रुपये में खरीदा और इस तरह से वह सबसे महंगी भारतीय महिला पहलवान रहीं.

फोगट बहनों गीता, बबिता, रितु और संगीता चारों को कुल 70 लाख रुपये की राशि मिली. साक्षी हालांकि नीलामी में कम धनराशि मिलने के बावजूद खुश थी क्योंकि उनके मंगेतर सत्यव्रत कादियान को भी दिल्ली ने खरीदा है. रियो ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मैं उसी टीम में हूं जिसमें सत्यव्रत है.’’ लंदन ओलिंपिक के कांस्य पदक विजेता और पिछले साल हरियाणा की फ्रेंचाइजी से खेलने वाले योगेश्वर ने पहले भी कहा था कि उनका लीग में खेलना संदिग्ध है क्योंकि दो से 19 जनवरी के बीच होने वाले टूर्नामेंट के दौरान ही उनकी शादी भी होनी है. योगेश्वर ने कहा, ‘‘मेरी शादी और शादी से जुड़े कार्यक्रम भी इस दौरान होंगे, इसलिए मैंने इस साल पीडब्ल्यूएल में नहीं खेलने का फैसला किया.’’

भारत के लिये दो ओलिंपिक पदक जीतने वाले सुशील कुमार पहले ही लीग का हिस्सा नहीं हैं और अब योगेश्वर के हटने से इसकी चमक निश्चित तौर पर फीकी पड़ेगी. नीलामी में 2016 के विश्व चैंपियन रूस के मागोमद कुर्बानालीव को 47 लाख और तीन बार की विश्व चैंपियन स्वीडन की सोफिया मैटसन को 41.50 लाख रुपये में खरीदा गया. इन दोनों को हरियाणा ने खरीदा.

पेशेवर कुश्ती लीग के दूसरे सत्र के लिए आज यहां हुई नीलामी में 200 से अधिक पहलवानों ने किस्मत आजमाई जिनके लिए छह फ्रेंचाइजियों ने बोली लगाई. विख्यात नीलामीकर्ता बाब हेटन ने नीलामी का संचालन किया. नीलामी के दौरान पूर्व और मौजूदा विश्व चैम्पियन और ओलंपियन के लिए काफी उत्साह दिखा और फ्रेंचाइजियां उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए अतिरिक्त पैसा खर्च करने से भी पीछे नहीं हटी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
योगेश्वर दत्त, पेशेवर कुश्ती लीग, पीडब्ल्यूएल, साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया, ऋतु फोगट, फोगट बहनें, Yogeshwar Dutt, Pro Wrestling League, PWL, Sakshi Malik, Bajrang Punia, Ritu Phogat, Phogat Sisters
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com