विज्ञापन

VIDEO: पीवी सिंधु का आलीशान घर अंदर से कैसा दिखता है? मॉडर्न इंटीरियर और लग्जरी डिजाइन ने खींचा ध्यान

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने फराह खान को अपने बेंगलुरु स्थित खूबसूरत घर का टूर कराया. शो के दौरान सिंधु ने पति वेंकट दत्ता साई संग अपनी लव स्टोरी, करियर के संघर्ष और कॉमनवेल्थ गेम्स में चोट के बावजूद खेलने का किस्सा भी साझा किया.

VIDEO: पीवी सिंधु का आलीशान घर अंदर से कैसा दिखता है? मॉडर्न इंटीरियर और लग्जरी डिजाइन ने खींचा ध्यान
PV Sindhu Home Tour
NDTV

भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु का खेल के मैदान पर जलवा तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन क्या आपने उनके आलीशान घर की झलक देखी है? दो बार की ओलंपिक मेडल विजेता पीवी सिंधु के बेंगलुरु स्थित खूबसूरत घर में फराह खान पहुंचीं. अपने शो के दौरान फराह ने सिंधु के घर का शानदार इंटीरियर दिखाया, उनकी लव स्टोरी से जुड़े दिलचस्प किस्से सुने और उनके खेल करियर के संघर्षों पर भी बात की. इस दौरान घर की मॉडर्न डिजाइन, खूबसूरत सजावट और खास कलाकृतियों ने सबका ध्यान खींचा.

बेंगलुरु में है पीवी सिंधु का खूबसूरत घर

फराह खान जब पीवी सिंधु के घर पहुंचीं तो उन्होंने इसकी खूबसूरती की जमकर तारीफ की. फराह ने बताया कि घर तक पहुंचने के दौरान पहले एक छोटे से गांव जैसा इलाका आया और फिर एक खूबसूरत गेटेड कम्युनिटी दिखाई दी. सिंधु ने भी घर के शांत माहौल को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि पहले वे हैदराबाद में रहती थीं, लेकिन ट्रेनिंग अब बेंगलुरु में होने की वजह से यहां शिफ्ट हो गईं.

सिंधु के पति वेंकट दत्ता साई ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फराह के आने की वजह से आखिरकार उनकी पत्नी ने घर को पूरा करने का फैसला कर लिया. फराह ने घर की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी टीम इस घर को लेकर काफी उत्साहित थी और इसे सबसे खूबसूरत घरों में से एक बता रही थी.

 घर की सजावट में दिखी मॉडर्न डिजाइन और खास कलाकृतियां

पीवी सिंधु के घर में फराह खान को कई खूबसूरत चीजें देखने को मिलीं. घर में सिंधु की शादी की तस्वीरें बेहद खूबसूरती से फ्रेम करके लगाई गई थीं. फराह ने इन तस्वीरों की तारीफ की. इसके अलावा घर में महाभारत से जुड़ी एक खास कलाकृति भी मौजूद है, जिसने फराह का ध्यान खींचा.

यह कलाकृति शतरंज की तरह दिखाई देती है, जिसमें पांडवों और कौरवों से जुड़े दृश्य दर्शाए गए हैं. फराह ने इसे किसी म्यूजियम में रखे जाने वाली खास चीज जैसा बताया. इस कलाकृति में महाभारत के अलग-अलग प्रसंगों और पात्रों को दर्शाया गया है. घर में एक छोटा डाइनिंग टेबल भी दिखा, जिसे देखकर फराह ने मजाक में कहा कि यहां दोनों तरफ बैठकर खाना खाया जा सकता है. घर का इंटीरियर आधुनिक होने के साथ-साथ काफी आकर्षक नजर आया.

फ्लाइट में हुई थी पीवी सिंधु और वेंकट दत्ता साई की पहली मुलाकात

फराह खान ने पीवी सिंधु और उनके पति वेंकट दत्ता साई से उनकी लव स्टोरी के बारे में भी पूछा. फराह ने जानना चाहा कि दोनों की शादी लव मैरिज थी या अरेंज मैरिज. इस सवाल पर सिंधु ने मजाकिया अंदाज में 'नो कमेंट्स' कहा. दोनों ने बताया कि वे एक-दूसरे को पहले से जानते थे. वेंकट दत्ता साई उस समय जेएसडब्ल्यू में काम कर रहे थे, जबकि सिंधु स्पोर्ट्स से जुड़ी थीं. दोनों की पहली मुलाकात 22 अक्टूबर 2022 को एक फ्लाइट में हुई थी.

इस मुलाकात का किस्सा भी काफी दिलचस्प रहा. दोनों ही फ्लाइट के लिए लेट हो रहे थे. सिंधु को देखकर किसी ने वेंकट से कहा कि मैडम आ रही हैं, रास्ता छोड़ दीजिए. इस पर वेंकट ने मजाक में कहा कि वह भी टिकट खरीदकर यात्रा कर रहे हैं. फ्लाइट में सिंधु चोटिल थीं और अपने पैर पर आइस लगा रही थीं. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. वेंकट ने बताया कि शुरुआत में उन्हें सिंधु का रवैया थोड़ा एटीट्यूड वाला लगा था, लेकिन बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं.

ओलंपिक मेडल जीतने के बाद भी खत्म नहीं होता संघर्ष

फराह खान ने पीवी सिंधु से उनके ओलंपिक सफर और मेडल जीतने के बाद मिलने वाली खुशी के बारे में भी बात की. फराह ने कहा कि सिंधु ने देश के लिए ओलंपिक में मेडल जीतकर इतिहास रचा है. सिंधु ने बताया कि मेडल जीतने की खुशी लंबे समय तक नहीं रहती, क्योंकि खिलाड़ी को जल्द ही अगले मुकाबले की तैयारी में जुटना पड़ता है. उन्होंने जापान ओपन में जीत का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय बाद मिली जीत उनके लिए बेहद खास थी.

फराह ने पूछा कि लगातार हार मिलने पर क्या आत्मविश्वास कम हो जाता है और खिलाड़ी दबाव में खेलने लगता है? इस पर सिंधु ने कहा कि खेल में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. पिछले कुछ वर्षों में जब वह लगातार हार रही थीं, तब लोगों ने उनके करियर को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए थे.

कॉमनवेल्थ गेम्स में टूट गया था सिंधु का पैर, फिर भी खेलती रहीं

पीवी सिंधु के संघर्ष का एक ऐसा किस्सा भी सामने आया, जिसे सुनकर फराह खान हैरान रह गईं. सिंधु ने बताया कि 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वार्टर फाइनल में पहला गेम खेलने के बाद उनका पैर टूट गया था. इसके बावजूद उन्होंने मुकाबला जारी रखा. सिंधु ने बताया कि पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्होंने करीब ढाई मैच और खेले. बाद में उन्हें पता चला कि पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर था. चोट के बावजूद उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने का अपना लक्ष्य पूरा किया. फराह खान यह किस्सा सुनकर हैरान रह गईं. उन्होंने सिंधु की हिम्मत और खेल के प्रति उनके समर्पण की तारीफ की.

पति के सपोर्ट को सिंधु ने बताया बेहद जरूरी

बातचीत के दौरान पीवी सिंधु ने यह भी बताया कि एक खिलाड़ी के जीवन में उसके पार्टनर का सपोर्ट कितना जरूरी होता है. वेंकट दत्ता साई ने कहा कि खिलाड़ी रोजाना काफी दबाव से गुजरते हैं और ऐसे समय में परिवार का साथ अहम हो जाता है.

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब सिंधु अच्छा नहीं खेलती हैं तो वह खुद भी परेशान हो जाती हैं. ऐसे में वह कभी-कभी फराह खान से कहती हैं कि अब वह फिल्में नहीं करेंगी और खुद फिल्मों में काम करेंगी. फराह ने इस पर मजाक करते हुए कहा कि अगर किसी फिल्म में विलेन की जरूरत हुई तो वह वेंकट का नंबर दे देंगी. पीवी सिंधु के घर का किचन भी काफी खूबसूरत और मॉडर्न नजर आया. 

फराह खान ने सिंधु को दिए कई खास गिफ्ट

शो के दौरान फराह खान अपनी टीम और ब्रांड्स की ओर से पीवी सिंधु और उनके परिवार के लिए कई गिफ्ट लेकर पहुंचीं. इनमें लगेज, मिक्सर ग्राइंडर, एयर फ्रायर, कुकिंग से जुड़े उपकरण, डिनर सेट, वायरलेस माइक और हेडफोन शामिल थे. सिंधु ने इनमें से कई गिफ्ट पहले ही खोल लिए थे. फराह ने इस पर मजाक भी किया. इस दौरान सिंधु के शेफ के लिए स्मार्टवॉच भी दी गई.

फराह खान ने सिंधु को जापान से जुड़ा एक खास बैडमिंटन रैकेट भी गिफ्ट किया. वहीं, फराह की टीम के सदस्य दिलीप को सिंधु के रैकेट के साथ बैडमिंटन खेलने का मौका मिला. शो के दौरान यह पल काफी मजेदार रहा. पीवी सिंधु के घर की खूबसूरत सजावट, उनकी निजी जिंदगी से जुड़े किस्से और खेल के मैदान पर उनके संघर्ष ने फराह खान के इस शो को खास बना दिया. 

यहां देखें पीवी सिंधु का आलीशान घर का वीडियो 

यह भी पढ़ें-   VIDEO: मनीष शर्मा ने पाकिस्तानी बॉक्सर को क्यों जड़ा थप्पड़? पत्नी ने खोला राज, बताया उस दिन क्या-क्या हुआ

यह भी पढ़ें- 17 साल की माया ने रचा इतिहास, सानिया मिर्जा के बाद ऐसा करने वाली पहली भारतीय बनीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com