विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2018

इंडिया ओपन बैडमिंटन: पीवी सिंधु आसान जीत के साथ क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचीं

गत चैंपियन और देश की नंबर वन महिला शटलर भारत की पीवी सिंधु ने एकतरफा मुकाबले में आज यहां बुल्गारिया की जेटचिरी लिंडा को हराकर इंडिया ओपन 2018 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली.

इंडिया ओपन बैडमिंटन: पीवी सिंधु आसान जीत के साथ क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचीं
पीवी सिंधु ने अपना मुकाबला बेहद आसानी से जीता (फाइल फोटो)
  • बुल्‍गारिया की जेटचिरी लिंडा को हराया
  • पीवी सिंधु मैच 21-10, 21-14 से जीतीं
  • पुरुष वर्ग में समीर वर्मा अगले दौर में पहुंचे
नई दिल्ली: गत चैंपियन और देश की नंबर वन महिला शटलर भारत की पीवी सिंधु ने एकतरफा मुकाबले में आज यहां बुल्गारिया की जेटचिरी लिंडा को हराकर इंडिया ओपन 2018 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. सिंधु ने 42 मिनट चले मुकाबले में बुल्गारिया की खिलाड़ी को 21-10, 21-14 से हराया. क्वार्टर फाइनल में उनका सामना स्पेन की आठवीं वरीयता प्राप्‍त बीटरिज कोरालेस से होगा जिन्होंने भारत की रूतविका शिवानी गाडे के खिलाफ 21-19 21-16 से जीत दर्ज की. सिंधु और कोरालेस के बीच अब तक सिर्फ एक मुकाबला खेला गया है जो भारतीय खिलाड़ी ने पिछले साल फ्रेंच ओपन के दौरान जीता था.

शीर्ष वरीय सिंधु ने मैच की प्रभावी शुरुआत की और अपने ड्रॉप शाट और स्मैश की बदौलत लिंडा पर हावी होने की कोशिश की. भारतीय खिलाड़ी ने 4-2 की बढ़त हासिल की. लिंडा ने कुछ शॉट बाहर मारे जिससे ब्रेक तक सिंधु ने 11-5 की बढ़त बना ली. भारतीय खिलाड़ी ने 9-5 के स्कोर पर लगातार नौ अंक के साथ 18-5 की बढ़त बनाई और फिर 20-10 के स्कोर पर लिंडा के शॉट नेट पर उलझाने पर पहला गेम जीत लिया. दूसरे गेम में लिंडा ने सिंधू को अच्छी टक्कर दी। बुल्गारिया की खिलाड़ी ने 8-6 की बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-7 से आगे थी. सिंधू ने इसके बाद वापसी करते हुए स्कोर 11-12 किया और फिर लगातार पांच अंक के साथ 16-13 की बढ़त बनाई. लिंडा के बाहर शाट मारने पर सिंधु को 20-14 पर मैच प्वाइंट मिला और विरोधी खिलाड़ी ने अगला शाट भी बाहर मारकर सिंधु को जीत तोहफे में दे दी.

सिंधू ने हालांकि मैच के बाद स्वीकार किया कि उन्होंने काफी गलतियां कीं. उन्होंने कहा, ‘मैंने मैच के दौरान काफी गलतियां कीं, लेकिन क्वार्टर फाइनल में मुझे बेहतर खेल दिखाना होगा. स्पेन की खिलाड़ी के खिलाफ अंतिम आठ का मुकाबला आसान नहीं होगा.’महिला एकल में ओलिंपिक चैंपियन और दो बार की पूर्व विश्व चैंपियन स्पेन कैरोलिना मॉरिन और थाईलैंड की तीसरी वरीय रतचानोक इनतानोन भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं. दूसरी वरीय मॉरिन ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए चीन की गाओ फांगजेई को 13-21 21-15 21-11 से हराया जबकि इनतानोन ने भारत की क्वालीफायर आकर्शी कश्यप को आसानी से 21-11 21-12 से शिकस्त दी.

वीडियो: वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में मेडल जीतकर लौटीं सिंधु
समीर वर्मा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इंडोनेशिया के अनुभवी टामी सुगियार्तो को कड़े मुकाबले में हराकर अगले दौर में जगह बनाई जबकि पारूपल्ली कश्यप ने पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए श्रेयांश जायसवाल को हराया. दुनिया के 30वें नंबर के खिलाड़ी समीर ने एक घंटा और बीस मिनट में दुनिया के तीसरे नंबर के पूर्व खिलाड़ी के खिलाफ 21-18 19-21 21-17 से जीत दर्ज की. क्वार्टर फाइनल में अब समीर का सामना हमवतन दूसरे वरीय किदांबी श्रीकांत और मलेशिया के इस्कंदर जुल्करनैन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा. कश्यप ने युवा श्रेयांश को 19-21, 21-19, 21-12 से हराकर दो साल से भी अधिक समय बाद सुपर सीरीज स्तर के टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PV Sindhu, India Open, Quarter Finals
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com