विज्ञापन
This Article is From Aug 27, 2017

विश्‍व बॉक्सिंग चैंपियनशिप : मनोज और कविंदर जीत के साथ अगले राउंड में पहुंचे

विश्‍व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत ने अच्‍छी शुरुआत की है. मनोज कुमार और कविंदर बिष्ठ ने यहां चैम्पियनशिप में अपने शुरु आती बाउट में जीत दर्ज की.

विश्‍व बॉक्सिंग चैंपियनशिप : मनोज और कविंदर जीत के साथ अगले राउंड में पहुंचे
मनोज ने 69 किग्रा वेल्टरवेट में मोलदोवा के वासिली बेलॉस को 3-2 से हराया (फाइल फोटो)
  • मनोज कुमार ने वासिली बेलॉस को दी शिकस्‍त
  • जापान के बॉक्‍सर पर भारी पड़े कविंदर बिष्‍ट
  • सतीश कुमार को अपने मुकाबले में हारना पड़ा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
हैम्बर्ग: विश्‍व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत ने अच्‍छी शुरुआत की है. मनोज कुमार और कविंदर बिष्‍ट ने यहां चैम्पियनशिप में अपने शुरु आती बाउट में जीत दर्ज की. मनोज ने 69 किग्रा वेल्टरवेट में मोलदोवा के वासिली बेलॉस को 3-2 से पस्त किया जबकि कविंदर ने 52 किग्रा फ्लाईवेट बाउट में जापान के रूसेई बाबा को 3-2 से शिकस्त दी. हालांकि भारत को थोड़ी निराशा भी हाथ लगी क्योंकि एशियाई खेलों के कांस्य पदकधारी सतीश कुमार (91 किग्रा से अधिक वजन वर्ग) शुरुआती बाउट में अजरबेजान के दो बार के विश्व चैम्पियन मोहम्मदरसूल माजीदोव से 0-5 से हार गए. सतीश को यहां आने से पहले वायरल फीवर था.

यह भी पढ़ें : मनोज कुमार ने रियो ओलिंपिक के लिये क्वालीफाई किया

कविंदर देश के लिए रिंग पर उतरने वाले पहले बॉक्‍सर थे. भारत की लगातार दूसरे दिन सारी बाउट शाम के सत्र में ही थीं. एशियाई चैम्पियनशिप के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाले कविंदर ने सतर्कता से शुरुआत की और पहले तीन मिनट अपने प्रतिद्वंद्वी को समझने में लगा दिए. हालांकि इससे विपक्षी मुक्केबाज ने बढ़त बना ली. कविंदर ने इस बढ़त से जल्द ही उबरते हुए दूसरे दौर में आक्रामकता बरती. उनके दायें हाथ के हुक काफी अच्छे पड़े जिससे बाबा की लय टूट गई. जल्द ही जजों ने कविंदर के पक्ष में फैसला दिया. अब कविंदर की भिड़ंत तीसरे वरीय अल्जीरिया के मोहम्मद फ्लिसी से होगा. फ्लिसी दो बार के विश्व चैम्पियनशिप पदकधारी हैं, जिन्होंने 2015 में कांस्य से पहले 2013 में रजत पदक जीता था. फिर राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदकधारी मनोज रिंग में उतरे, जो बिलकुल कविंदर के विपरीत खेले. 31 वर्षीय मुक्केबाज ने पहले दो राउंड में ही दबदबा बना लिया.

वीडियो : बॉक्‍सर विजेंदर सिंह से खास बातचीत

बेलॉस को पहले दो राउंड में जरा भी मौका नहीं मिला, अंतिम राउंड में उन्होंने कोशिश की लेकिन तब तक भारतीय बॉक्‍सरबढ़त बना चुका था. भारत के स्वीडिश कोच सांटियागो निएवा ने दोनों बाउट के बाद कहा, ‘मनोज और कविंदर दोनों की बाउट कठिन रहीं. लेकिन उन्हें पता था कि कैसे निपटा जाये और उन्होंने वैसा ही किया.’उन्होंने कहा, ‘अभी तक नतीजे सही रहे हैं लेकिन अभी लंबा सफर तय करना है.’ मनोज दूसरे दौर में चौथे वरीय वेनेजुएला के गैब्रियल माएस्त्रे पेरेज से भिड़ेंगे, जिन्होंने 2013 विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था और वह पैन-अमेरिकन खेलों के स्वर्ण पदकधारी भी हैं. इससे पहले अमित फंगाल (49 किग्रा) और गौरव बिधुड़ी (56 किग्रा) ने अपनी बाउट जीतकर दूसरे दौर में जगह बनाई. (इनपुट: भाषा)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com