विज्ञापन
This Article is From Dec 06, 2015

वर्ल्ड हॉकी लीग : भारत ने नीदरलैंड्स को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर कांसे पर कब्जा जमाया

वर्ल्ड हॉकी लीग : भारत ने नीदरलैंड्स को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर कांसे पर कब्जा जमाया
फोटो कर्टसी : हॉकी इंडिया
नई दिल्ली: भारत ने वर्ल्ड हॉकी लीग फ़ाइनल्स में कांस्य पदक जीत लिया है। नीदरलैंड्स के साथ मुक़ाबले में भारत ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया और वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर दो डच टीम को शूट-आउट में 3-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। मैच अपने तय समय में 5-5 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद शूट-आउट से मैच का फ़ैसला हुआ। इसमें भारत ने 3-2 से जीत हासिल किया।

शुरुआत में टीम इंडिया पर हावी दिखे डच
मुकाबले की शुरुआत में डच टीम वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर 6 की टीम इंडिया पर हावी दिखी। 9वें मिनट में नीदरलैंड्स की टीम की ओर से मिक्रो प्रूइज़्सर ने गोल किया, यहां भारतीय टीम का डिफ़ेंस काफ़ी ख़राब रहा। इसके बाद 25वें मिनट में निक स्यूट ने मेहमान टीम की ओर से एक और गोल दाग कर मैच में 2-0 की बढ़त ले लिया। इसके बाद भारत की ओर से कई बार अटैक हुए, लेकिन कोई गोल में तब्दील नहीं हो सका।

रोमांचक रहा चौथा क्वार्टर
रमनदीप सिंह ने तीसरे क्वार्टर में मनप्रीत सिंह के शानदार पास पर गोल बनाया और बढ़त को कम किया। इसके बाद रूपिंदर पाल सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। वहीं चौथे क्वार्टर में रमनदीप ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा गोल कर मैच में भारत को 3-2 की बढ़त दिला दी। हालांकि नीदरलैंड्स की टीम के मार्क वेन डर विर्डेन ने पेनल्टी में गोलकर 3-3 से बराबर कर दिया। रुपिंदर पाल ने एक और गोल कर मैच में भारत को एक बार फिर से बढ़त दिला दिया।

चौथे क्वार्टर में भारत की बढ़त 4-3 की हो गई। मैच ख़त्म होने से 4 मिनट पहले आकाशदीप सिंह ने एक शानदार गोल बनाया। इस गोल के साथ ही भारतीय टीम ने 5-3 की बढ़त के साथ ही कांस्य पदक पर नज़र टिका लिया। हालांकि आख़िर के कुछ मिनटों में नीदरलैंड्स की टीम ने बढ़त को कम करने की कोशिश करते रहे और गोल कर मैच बराबरी पर ले गए। इसके बाद मैच के फ़ैसले के लिए शूटआउट का इस्तेमाल किया गया।

पेनाल्टी शूटआउट में हुआ फ़ैसला
शूटआउट में भी मुक़ाबला ज़ोरदार रहा। नीदरलैंड्स ने पहला गोल किया, लेकिन भारत का पहला और दूसरा शॉट नाकाम रहा। रेफ़री ने इसे गोल नहीं दिया। इसके बाद रेफ़री ने नीदरलैंड्स का भी दूसरा और तीसरा शॉट ग़लत करार दिया। फिर दोनों टीमों ने एक-एक गोल कर शूटआउट में रोमांच पैदा कर दिया। भारत ने अपने चौथे शूट-आउट में गोल बनाया और मैच 2-2 की बराबरी पर आ गया। भारत को आख़िरी शॉट में नीदरलैंड्स के गोलकीपर के फ़ाउल का फ़ायदा मिला और रेफ़री ने भारत को पेनल्टी स्ट्रोक दिया। इसमें रुपिंदर पाल ने गोल बनाया, जिसकी बदौलत भारत ने 3-2 से मुकाबला और कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स, हॉकी वर्ल्ड लीग 2015, हॉकी, भारत बनाम नीदरलैंड्स, Hockey World League Finals, Hockey World League 2015, HWL, India Vs Netherlands, Hockey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com