विज्ञापन

कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, चक्रवात अर्नब को लेकर अलर्ट, ठंड भी बढ़ेगी

कल का मौसम, 29 अक्टूबर 2026: IMD ने कल 12 राज्योंं में बारिश का अलर्ट जारी किया है. चक्रवात अर्नब कई राज्यों पर असर डालेगा. जानिए आपके यहां कैसा मौसम रहेगा.

कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, चक्रवात अर्नब को लेकर अलर्ट, ठंड भी बढ़ेगी
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update
NDTV
  • बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात अर्नब के कारण ओडिशा, बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश जारी है
  • दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तापमान में गिरावट का अनुमान है
  • उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट है

Kal Ka Mausam 29 october 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है. बंगाल की खाड़ी से आया अर्नब चक्रवात का असर उत्तर भारत तक देखने को मिल रहा है. ओडिशा, बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भारी बारिश हो रही है. वहीं झारखंड, बिहार और यूपी में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 29 अक्टूबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसमें पूर्वी भारत, मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के राज्य शामिल हैं. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली-एनसीआर भारी बारिश, ठंड भी बढ़ेगी

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही तापमान में आ रही गिरावट के चलते लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है. मौसम में असली बदलाव कल से देखने को मिलेगा. इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी, जहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी तरह, 30 अक्टूबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी और तापमान 26 डिग्री (अधिकतम) और 18 डिग्री (न्यूनतम) के आसपास रहेगा.

वहीं, दूसरी ओर हवा की गुणवत्ता एक बार फिर से लाल निशान को पार कर चुकी है, जिससे सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है. मौसम में बदलाव का असर हवा की गुणवत्ता पर भी साफ तौर पर देखा जा सकता है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर से बढ़कर 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है. सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में हवा जहरीली हो चुकी है. दिल्ली के पटपड़गंज में एक्यूआई सबसे अधिक 291 दर्ज किया गया, जबकि सिरीफोर्ट में 290, आर के पुरम में 284, पूसा में 285, रोहिणी में 279, ओखला फेज-2 में 272, पंजाबी बाग में 270 और शादीपुर में 258 एक्यूआई दर्ज किया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

यूपी के कई जिलों में बारिश

चक्रवात अर्नब असर उत्तर प्रदेश तक देखने को मिलेगा. कल पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना है.

बिहार में भी बारिश

बिहार के कुछ जिलों में भी मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 29 से 31 अक्टूबर के बीच काफी व्यापक बारिश होने का अनुमान है. कल कहीं-कहीं  भारी बारिश का अलर्ट है. इसके साथ ही राज्य में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चल सकती हैं.

बंगाल के कई जिलों में 31 अक्टूबर तक भारी बारिश

मौसम विभाग ने चक्रवात ‘अर्नब' के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 31 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. आईएमडी ने बताया कि पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया में शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश हो सकती है. वहीं दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में शनिवार सुबह तक भारी बारिश होने का अनुमान है.

Latest and Breaking News on NDTV

ओडिशा के कई जिलों में चक्रवात के चलते अलर्ट

चक्रवात 'अर्नब' के कारण ओडिशा के कई जिलों में मूसलाधार बारिश जारी है. कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. सरकार का मुख्य फोकस गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि और नबरंगपुर जिलों पर है. इन जिलों में निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है. राज्य के 30 में से 16 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र कल बंद हैं. आईएमडी ने नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति और गंजाम जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट' जारी किया है और 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है.

झारखंड में भारी बारिश, कल स्कूल बंद

झारखंड सरकार ने चक्रवात ‘अर्नब' के कारण हुई बारिश के मद्देनजर कई जिलों में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है. पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिला प्रशासन ने कहा कि बुधवार और गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे. आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से रांची, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में मंगलवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. अगले 24 घंटे के दौरान रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट' जारी किया है. इसके अलावा गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है.

इन राज्यों में भारी बारिश

  • भारी बारिश: बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश.
  • मध्यम बारिश:दिल्ली और एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह.
  • हल्की बारिश: राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और केरल.

यह भी पढ़ें | चक्रवात 'अर्नब' का तांडव, ओडिशा, झारखंड और आंध्र प्रदेश में स्कूल-कॉलेज बंद, भारी बारिश का अलर्ट 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Mausam Alert, Weather Tomorrow, Weather Tomorrow Delhi, Weather Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com