विज्ञापन
This Article is From Aug 10, 2016

रियो ओलिंपिक 2016 : बुधवार को इन खेलों और खिलाड़ियों से हैं उम्मीदें

रियो ओलिंपिक 2016 : बुधवार को इन खेलों और खिलाड़ियों से हैं उम्मीदें
जीतू राय
नई दिल्ली: रियो ओलिंपिक 2016 का जोश अपने पूरे शबाब पर है. दुनियाभर के खिलाड़ी अपना सर्वोत्तम देकर मेडल जीतने की कोशिश कर रहे हैं. मंगलवार का दिन भारतीय खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए काफी हद तक संतोषजनक रहा. पुरुष हॉकी टीम ने अर्जेंटीना को हराया, बॉक्सिंग में विकास कृष्ण यादव ने भी अपना बाउट जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. तीरंदाजी में अतानु दास भी अंतिम 16 में पहुंच गए हैं. अब बुधवार को भारतीय प्रशंसकों को इन खेलों में अपने खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

शूटिंग
समय : शाम 5.30 बजे

50 मीटर पिस्‍टल इवेंट में भारत के दो खिलाड़ी प्रकाश नांजप्पा और जीतू राय अपनी दावेदारी पेश करेंगे और दोनों ही खिलाड़ियों की कोशिश होगी कि वे क्वालीफीकेशन में राउंड बेहतरीन प्रदर्शन करके आगे बढ़ें और प्रशंसकों को खुशी मनाने का मौका दें. खासतौर पर जीतू राय से उनके कोच और भारतीय प्रशंसकों को ढेरों उम्मीदें हैं.

तीरंदाजी
समय : शाम 5.56 बजे

महिलाओं के राउंड ऑफ 64 में तीरंदाज बॉम्बायला देवी, लक्ष्मी रानी और दीपिका कुमारी अपने-अपने धनुष के साथ भारतीयों की उम्मीदों के तीर निशाने पर लगाने की भरपूर कोशिश करेंगी. तीनों खिलाड़ी टीम स्पर्धा में पहले ही बाहर हो चुकी हैं और यह व्यक्तिगत प्रतियोगिता है.

जूडो
समय : शाम 7.05 बजे

पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 32 में अवतार सिंह अपना हुनर दिखाएंगे और उनकी भरपूर कोशिश होगी कि वे अंतिम 16 में जगह बनाएं.

हॉकी : महिलाएं
समय : शाम 7.30 बजे

भारतीय महिला हॉकी टीम की भिडंत ग्रुप-बी के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से होगी. टीम इंडिया इससे पहले अपना पिछला मैच ग्रेट ब्रिटेन के हाथों 3-0 से हार चुकी है और जापान के साथ टीम में 2-2 से मैच ड्रॉ खेला था. एक और हार भारतीय टीम के रियो ओलिंपिक में भविष्य पर सवालिया निशान लगा देगी. ऐसे में अपने से काफी मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने भारतीय टीम को अपने स्तर से काफी ऊंचा उठकर खेलना होगा.

रोइंग
समय : 7.50 बजे

दत्तू बब्बन भोकानल मेडल की रेस से बाहर हो चुके हैं, लेकिन आज उन्हें 13-15 रैंक के लिए एक बार फिर मुकाबले में उतरना है. भारतीय प्रशंसक उनसे उम्मीद करेंगे कि वे यहां अच्छा प्रदर्शन करके वापस लौटें.

टेनिस : मिक्स डबल्स
समय : 12.00 बजे

मिक्स डबल्स में भारत की सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोड़ी का मुकाबला राउंड-1 में ऑस्ट्रेलिया की एस. स्टोसुर और जे. पीयर्स की जोड़ी से होगा. देश को सानिया-बोपन्ना की इस जोड़ी से ढेरों उम्मीदें हैं.

बॉक्सिंग
समय : देर रात 3.00 बजे

बॉक्सिंग से भारत को काफी उम्मीदें हैं और इन उम्मीदों को परवान चढ़ाने की जिम्मेदारी आज 64 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 32 में मनोज कुमार पर है. बॉक्सिंग में विकास कृष्ण यादव ने मंगलवार को अपने मुकाबले में जीत के साथ शुभ शुरुआत कर दी है.
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक 2016, मेडल, शूटिंग, प्रकाश नांजप्पा, जीतू राय, तीरंदाजी, दीपिका कुमारी, लक्ष्मी रानी, बॉम्बायला देवी, जूडो, अवतार सिंह, हॉकी, दत्तू बब्बन भोकानल, टेनिस : मिक्स डबल्स, सानिया मिर्जा, रोहन बोपन्ना, बॉक्सिंग, मनोज कुमार, Rio Olympic 2016, Jeetu Rai, Deepika Kumari
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com