नेपाल में मां सीता और भारत में भगवान राम की जन्मस्थलियों के बीच तीर्थयात्रियों को लाने-ले जाने के लिए सीधी रेल सेवा कुछ ही हफ्तों में शुरू हो सकती है. जनकपुर-अयोध्या ट्रेन की तैयारियां चल रही हैं और कुछ रणनीतियां तय हो जाने के बाद, यह चलनी भी शुरू हो जाएगी. न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार नेपाल के विदेश मंत्रालय और रेलवे विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस महीने के आखिर में नेपाल और भारत के प्रधानमंत्री वर्चुअल तरीके से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं. अभी नेपाल के बीजलपुरा और भारत के जयनगर के बीच रेल मार्ग यात्रियों को लाता-ले जाता हैं.
464 किलोमीटर लंबा रूट, आज जाएगी तो कल लौटेगी ट्रेन
यह ट्रेन नेपाल के जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए रवाना होगी और अगले दिन वापस लौटेगी. नेपाल की तरफ जनकपुरधाम और जयनगर स्टेशन होंगे, जबकि भारत की तरफ के स्टेशन और सटीक रूट अभी तय नहीं हुए हैं. प्रस्तावित रूट लगभग 464 किलोमीटर लंबा है.
यह रेल सेवा 'रामायण सर्किट' को व्यावहारिक रूप दे सकती है, जो भगवान राम और रामायण से जुड़े तीर्थ स्थलों को आपस में जोड़ता है. यह अयोध्या जाने वाले नेपाली श्रद्धालुओं और जनकपुर आने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक होगा, खासकर इसलिए क्योंकि अयोध्या के राम मंदिर में आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यह ट्रेन केवल लॉजिस्टिक्स (आवागमन) ही नहीं, बल्कि प्रतीकात्मक महत्व भी रखती है. जनकपुरधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है, और अयोध्या को भगवान राम का जन्मस्थान.
जनकपुर में नेपाल रेलवे के प्रमुख परिबेश पराजुली ने ANI को बताया, "यह रेल सेवा भारत और नेपाल के उस रिश्ते को दर्शाती है जो राम और सीता के विवाह के समय से चला आ रहा है, और अब यह और भी विस्तृत और मजबूत होगा. इससे नेपाल और भारत के बीच संबंध और गहरे होंगे, जिससे पर्यटन, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा."
हफ्ते में एक बार चलेगी ट्रेन, टिकट की कीमत क्या होगी
फिलहाल, भारतीय रेलवे इस ट्रेन का संचालन करेगा. उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाएं और टिकट का किराया भी भारतीय रेलवे तय करेगी. परिबेश पराजुली ने बताया कि अभी हफ्ते में एक राउंड ट्रिप (आने-जाने की एक यात्रा) की योजना बनाई जा रही है. यात्रियों की संख्या के आधार पर इसे आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे ट्रेनों के फेरों में भी बढ़ोतरी हो सकती है.
अभी भारतीय रेलवे करेगी ऑपरेट
भारत और नेपाल ने इस साल सितंबर-अक्टूबर में रेल सेवा को चालू करने के बारे में बातचीत शुरू कर दी थी. दोनों देशों के कस्टम, आव्रजन (इमिग्रेशन) और सुरक्षा अधिकारी भारत के जयनगर में रेलवे स्टेशन के विश्राम गृह में मिले थे. उन्होंने रेल लिंक, सिग्नलिंग, आव्रजन, कस्टम जांच, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा के बारे में चर्चा की. वे इस बात पर सहमत हुए कि नेपाली क्षेत्र में यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी नेपाली एजेंसियों की होगी, और भारतीय क्षेत्र में भारतीय एजेंसियों की. इसके बाद अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जयनगर-जनकपुरधाम-कुर्था खंड का निरीक्षण किया.
बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारी इस बात पर सहमत हुए कि जब तक नेपाल इसकी जिम्मेदारी नहीं संभाल लेता, तब तक भारतीय रेलवे ही ट्रेन का संचालन करेगा. इसके बाद नवंबर की शुरुआत में, 17 कोच वाली एक भारतीय ट्रेन (नंबर WDP-4D 40370) ने जयनगर से कुर्था तक एक ट्रायल रन भी किया.
यह भी पढ़ें | दिल्ली से 1 घंटे में पानीपत, डेढ़ घंटे में करनाल...नमो भारत कॉरिडोर को NHAI की मंजूरी, 136 KM में 22 स्टेशन
यह भी पढ़ें | अब दिल्ली-अहमदाबाद, सिलीगुड़ी और जम्मू रूट पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, देखें इन रूटों में कौन-कौन से शहर हैं शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं