मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को शुरू हुए हीरो जूनियर हॉकी विश्व कप के अपने पहले ही पूल मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा। उसे पूल-सी में नीदरलैंड्स ने 3-2 से हराया। मौजूदा चैम्पियन जर्मनी को भी हार मिली लेकिन बेल्जियम, पाकिस्तान, आस्ट्रेलिया, फ्रांस, मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका अपने-अपने पूल मैच जीतने में सफल रहे।
दिन के अंतिम और सबसे अहम मैच में भारतीय टीम मध्यांतर तक 1-3 से पीछे चल रही थी। भारत के लिए गुरजिंदर सिंह ने 13वें और आकाशदीप सिंह ने 42वें मिनट में गोल किए, जबकि दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिलान वान बाल ने तीसरे व 28वें और मार्क रिकर्स ने 25वें मिनट में गोल किए।
बाल ने तीसरे मिनट में एक शानदार फील्ड गोल करते हुए नीदरलैंड्स को बढ़त दिलाई थी, लेकिन 10 मिनट बाद ही भारत ने गुरजिंदर द्वारा पेनाल्टी कार्नर पर किए गए गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया।
भारत ने बराबरी तो आसानी से कर ली, लेकिन एड़ी चोटी का जोर लगाने के बावजूद भारतीय टीम बढ़त हासिल नहीं कर पाई। भारत द्वारा अपना पहला गोल करने के 13 मिनट बाद रिकर्स ने एक जोरदार फील्ड गोल के माध्यम से नीदरलैंड्स को एक बार फिर 2-1 से आगे कर दिया।
तीन मिनट बाद ही भारत को एक और झटका लगा। बाल ने 28वें मिनट में अपनी टीम का तीसरा और अपना दूसरा गोल किया। यह भी फील्ड गोल था। अब स्कोर 3-1 हो चुका था और जाने-पहचाने हालात में खेल रही भारतीय टीम दबाव में आ चुकी थी।
मध्यांतर तक नीदरलैंड्स ने 3-1 की बढ़त बना रखी थी। मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने नई ऊर्जा के साथ आक्रमण शुरू किया। कई प्रयासों के बाद उसे 42वें मिनट में सफलता मिली। आकाशदीप ने एक उम्दा फील्ड गोल की मदद से भारत का दूसरा गोल किया। अब स्कोर 2-3 हो चुका था।
इसके बाद भारत ने बराबरी का भरपूर प्रयास किया लेकिन नीदरलैंड्स की मजबूत रक्षापंक्ति ने उसे अपने गोलपोस्ट तक फटकने भी नहीं दिया। भारत पूल-सी में तीसरे स्थान पर है, जबकि कोरिया पहले और नीदरलैंड्स दूसरे क्रम पर है। भारत का दूसरा मैच शनिवार को कनाडा के साथ है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं