विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2016

महिला हॉकी : दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत की पहली हार

महिला हॉकी : दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत की पहली हार
भारतीय महिला हॉकी टीम की फाइल फोटो (PTI)
स्टेलेनबॉश (दक्षिण अफ्रीका): दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर आई भारत की महिला हॉकी टीम को यहां पहली हार का सामना करना पड़ा। विश्व की आठवीं वरीयता प्राप्त जर्मन टीम ने उसे 3-0 से हराया।

दोनों टीमों के बीच शुरुआती दो क्वार्टर में जोरदार टक्कर हुई। पहला क्वार्टर 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ था। दूसरे क्वार्टर में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का शानदार मौका मिला था, लेकिन वह उसे भुना नहीं सकी। दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में जर्मनी ने लाइडिया हासे के शानदार फील्ड गोल की मदद से 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

तीसरे क्वार्टर में जर्मन टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और अपनी बढ़त को दो गुना करने की कोशिश की। इस क्वार्टर के अंतिम क्षणों तक उसे सफलता नहीं मिली लेकिन अंतिम पलों में भारत ने अपना संयम खोया और जर्मनी की ओर से पिया सोफी ओल्डहाफेर ने गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

अंतिम क्वार्टर में जर्मनी ने अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया और भारत ने बराबरी करने का प्रयास किया। इस क्रम में दोनों टीमों को ओर से कुछ बेहतरीन आक्रमण हुए।

सफलता हालांकि जर्मन टीम को इस क्वार्टर के अंतिम पलों में मिली। उसे पेनाल्टी कार्नर मिला, जिस पर गोल करके जूलिया मुलर ने अपनी टीम को 3-0 से आगे कर दिया।

भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे का अगला मुकाबला 28 फरवरी को होगा। भारतीय टीम एक बार फिर जर्मन टीम से भिड़ेगी और हिसाब बराबर करने का प्रयास करेगी।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर इससे पहले पांच मैच खेले थे, जिनमें से चार में उसे जीत मिली थी जबकि एक मैच बराबरी पर छूटा था। अपने अंतिम मैच में भारत ने स्कॉटलैंड को 5-0 से हराया था।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हॉकी, महिला हॉकी, भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, Hockey, Womens Hockey, IND Vs SA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com