अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन करके अजेय रही पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम शानदार फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर अभिषेक की चोट के बावजूद दक्षिण कोरिया के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी. एशियाई खेलों के चैंपियन भारत ने सोमवार को जालंधर में खेले गए छह टीमों के टूर्नामेंट के अपने आखिरी राउंड-रॉबिन मैच में दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त दी थी और वह इसे दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होगा. भारत ने राउंड-रॉबिन चरण में बांग्लादेश को 13-0, चीन को 5-2, जापान को 4-1 और दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराया था. लेकिन जापान के खिलाफ मैच से ठीक पहले अभिषेक के टखने में चोट लग गई, जिससे भारतीय टीम प्रबंधन चिंतित होगा क्योंकि उन्होंने न केवल गोल किए हैं बल्कि अच्छे मौके भी बनाए हैं. भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने भी स्वीकार किया कि अभिषेक ने अभी तक शानदार भूमिका निभाई है.
यह भी पढ़ें: हरमनप्रीत के हैट्रिक शो से मलेशिया ढेर, अब फाइनल के लिए दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा भारत
मैच का समय: पहला सेमीफ़ाइनल:
जापान बनाम मलेशिया, शाम 4:30 बजे
दूसरा सेमीफाइनल: भारत बनाम दक्षिण कोरिया, शाम 7:00 बजे.
उन्होंने कहा, ‘हमें अभी पक्का पता नहीं है कि अभिषेक खेल पाएंगे या नहीं. वह चोटिल हैं और वह वापसी करेंगे या नहीं इसके लिए हमें इंतजार करना होगा लेकिन समय बहुत कम है.' अभिषेक की अनुपस्थिति में अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा को अग्रिम पंक्ति में अधिक जिम्मेदारी निभानी होगी.
उन्होंने कहा, ‘वह अच्छी स्थिति में हैं. हमने उसे दो मैचों के लिए आराम दिया था. मुझे उम्मीद है कि वह सेमीफाइनल में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट होगा.' उपकप्तान हार्दिक सिंह ने विवेक सागर प्रसाद और नीलकांत शर्मा के साथ मिलकर मध्य पंक्ति में अच्छी भूमिका निभाई है. नीलकांत का यह भारत की तरफ से अंतिम टूर्नामेंट है.
युवा फॉरवर्ड विष्णुकांत सिंह को भी टूर्नामेंट में जितने मौके मिले हैं उनमें वह खरे उतरे हैं. वह जरूरत पड़ने पर टीम के लिए मध्य पंक्ति में खेलने के लिए तैयार हैं. विष्णुकांत ने कहा, ‘मैं लंबे समय से मौके का इंतजार कर रहा था. मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की और जापान के खिलाफ गोल करने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है. मैं मध्य पंक्ति में खेलने के लिए भी तैयार हूं.' वहीं, भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा और कृष्ण बहादुर पाठक को टूर्नामेंट में अभी तक खास चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा है और यह देखना दिलचस्प होगा कि अगर विरोधी टीम आक्रामक रवैया अपनाती है तो वह उससे कैसे निपटते हैं.
भारतीय टीम:
गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक
डिफेंडर: संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमनदीप लाकड़ा.
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, अंगद बीर सिंह.
फॉरवर्ड: शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, विष्णुकांत सिंह.
(भाषा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं