विज्ञापन

हॉकी में गोलों की बारिश, क्रिकेट में बांग्लादेश की धुलाई, एशियन गेम्स के दूसरे दिन ही छाया भारत

एशियन गेम्स 2026 का दूसरा दिन भारतीय नजरिए से शानदार रहा. टीम ने दो मेडल अपने नाम किए, जबकि एमएमए में एक पदक की पुष्टि की. क्रिकेट में सिल्वर पक्का हो गया है. यह गोल्ड में भी बदल सकता है.

हॉकी में गोलों की बारिश, क्रिकेट में बांग्लादेश की धुलाई, एशियन गेम्स के दूसरे दिन ही छाया भारत
एलावेनिल वलारिवन

एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों की तरफ से मिला जुला प्रदर्शन देखने को मिला है. देश को पहला मेडल शूटिंग से मिला. जहां महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदरसा के. विनोद ने शानदार प्रदर्शन किया और सिल्वर मेडल हासिल करने में कामयाब रहीं. इसके पश्चात टीम को दूसरा पदक भी शूटिंग से ही आया. एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल महिला स्पर्धा में जुझारू प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया.  यहीं नहीं इन दोनों पदकों के अलावा एमएमए से भी पदक की पुष्टि हो गई है. सुचिका तारियाल ने महिलाओं के पारंपरिक 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए कम से कम पदक की पुष्टि कर दी है. खबर लिखे जाने तक चौथा पदक महिला क्रिकेट टीम की तरफ से आया है. भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेशी महिला टीम को 114 रनों से रौंदते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है. मंगलवार को हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी अगर फाइनल मुकाबला जीतने में भी कामयाब होती है तो उनका गोल्ड पर कब्जा होगा. वहीं शिकस्त मिलती है तो उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ेगा. 

भारतीय महिला टीम ने कमाल कर दिया

भारतीय महिला टीम ने एशियाई खेल 2026 अभियान की धमाकेदार अंदाज में शुरुआत की है. टीम ने पूल बी के अपने पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी. इस जीत में पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ दीपिका के आठ गोलों का शानदार प्रदर्शन रहा. वहीं इशिका ने हैट्रिक पूरी की. भारत ने शुरू से अंत तक आक्रमण का बेहतरीन प्रदर्शन किया. इस दबदबे भरे प्रदर्शन में आठ अलग-अलग भारतीय खिलाड़ियों ने गोल दागे. इस मैच में अनुभवी गोलकीपर सविता ने एक महत्वपूर्ण व्यक्तिगत उपलब्धि भी हासिल की.

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को बुरी तरह से हराया

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इंडोनेशियाई टीम को बुरी तरह से शिकस्त दी है. पूल ए के मुकाबले में आमने-सामने हुई भारतीय टीम ने  इंडोनेशिया के खिलाफ 13-1 के बड़े अंतर जीत हासिल की. मैच के दौरान भारत की तरफ से कुल आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे, जिनमें दिलप्रीत सिंह के चार गोलों का शानदार प्रदर्शन शामिल है. भारत ने शुरू से अंत तक बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए महाद्वीपीय खिताब की रक्षा की शुरुआत में अपनी मंशा स्पष्ट कर दी थी. 

पीवी सिंधु ने भी जीता दिल 

भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु महिला टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं. पीवी सिंधु और उनकी टीम ने राउंड ऑफ 16 में कजाकिस्तान को 3-0 से शिकस्त देते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाया है. भारत का अगला मुकाबला 22 सितंबर को जापान से है. जहां टीम पदक हासिल करने का प्रयास करेगी. 

टेकबॉल: कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले में क्विम्सी डिसूजा को युइना साकामोटो के खिलाफ शिकस्त मिली. जहां उन्होंने अपने सफर का समापन चौथे स्थान पर रहते हुए किया.

टेकबॉल: यहीं नहीं क्विम्सी जोआकिम डिसूजा और मोहम्मद अनस इमरान बेग कांस्य पदक प्लेऑफ में मिन्ह तान गुयेन और जिया नघी त्रिन्ह (वियतनाम) से भी हार गए.

कौन हैं एलावेनिल वलारिवन?

एलावेनिल वलारिवन का जन्म दो अगस्त साल 1999 में तमिलनाडु हुआ था. वर्तमान में वह गुजरात में रहती हैं. एलावेनिल भारत की तरफ से राइफल निशानेबाजी गेम में हिस्सा लेती है. जहां वह 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में विशेषज्ञता रखती हैं. एलावेनिल ने अपने करियर का आगाज साल 2014 में किया था. उनके कोच का नाम नेहा चव्हाण है. वहीं दीपाली देशपांडे और दीपक दुबे उनके राष्ट्रीय कोच हैं. 

एलावेनिल वलारिवन ने भारत की तरफ से दो बार ओलंपिक खेलों में हिस्सा लिया है. जिसमें टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 शामिल है. एलावेनिल का नाम दुनिया की शीर्ष महिला एयर राइफल निशानेबाजों में शामिल हैं. खबर लिखे जाने तक वह अपने करियर में विश्व नंबर-1 रैंकिंग तक का भी सफर तय कर चुकी हैं.

एलावेनिल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बार बड़ी पहचान 2018 ISSF जूनियर वर्ल्ड कप (सिडनी) में मिली थी. जहां उन्होंने अपने केवल दूसरे ISSF टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल हासिल करते हुए सबको चौंका दिया था. 

इसके बाद उन्होंने ISSF विश्व चैंपियनशिप, ISSF विश्व कप, ISSF विश्व कप फाइनल और एशियाई चैंपियनशिप जैसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भी कई पदक अपने नाम किए.

यह भी पढ़ें- NDTV SUPER EXCLUSIVE: मीराबाई ने कहा, 'मेरे लिए एशियाड का पदक बेहद जरूरी', गाया लता मंगेशकर का सुरीला गीत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com