विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2012

हॉकी टीम पर इनामों की बारिश, सहारा ने दिए 1.12 करोड़

मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित क्वालीफाईंग टूर्नामेंट जीतकर लंदन ओलिंपिक सीट प्राप्त करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम पर इनामों की बरसात हो रही है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित क्वालीफाईंग टूर्नामेंट जीतकर लंदन ओलिंपिक सीट प्राप्त करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम पर इनामों की बरसात हो रही है।

मंगलवार को हॉकी इंडिया के मुख्य प्रायोजक सहारा इंडिया ने टीम को 1.12 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

सहारा से पहले हॉकी इंडिया, प्रायोजक ललित होटल, मध्य प्रदेश सरकार और हरियाणा सरकार ने टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देने की घोषणा की थी। सहारा ने फ्रांस के खिलाफ फाइनल मैच के कप्तान रहे सरदार सिंह और टूर्नामेंट में कुल 16 गोल करने वाले स्टार ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह को 11 लाख रुपये का पुरस्कार देने का फैसला किया है।

भारतीय टीम 2008 में बीजिंग ओलिंपिक में नहीं खेल सकी थी। भारतीय हॉकी के 80 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था।

सहारा ने भारतीय टीम के बाकी के सदस्यों को पांच-पांच लाख और सहयोगी स्टाफ को एक-एक लाख रुपये देने का फैसला किया है।

इस महीने की शुरुआत में सहारा ने हॉकी इंडिया के साथ अपने करार का नवीकरण करते हुए प्रति वर्ष आठ करोड़ रुपये देने का फैसला किया था। इससे पहले सहारा हॉकी के लिए हर साल तीन करोड़ रुपये दे रहा था।

हरियाणा सरकार ने सोमवार को टीम के 18 खिलाड़ियों को ढाई-ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की थी। टीम की इस उपलब्धि पर रविवार को हॉकी इंडिया, प्रायोजक ललित होटल और मध्य प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये पुरस्कार देने की पेशकश की थी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि टूर्नामेंट जीतने पर भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक हरियाणा निवासी खिलाड़ी को 11-11 लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त टीम के सभी खिलाड़ी को टूर्नामेंट में किए गए प्रत्येक गोल पर एक लाख रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई थी कि लंदन ओलिंपिक में टीम खोया हुआ गौरव वापस लाएगी।

हरियाणा सरकार ने इसके साथ ही कुरुक्षेत्र निवासी ड्रैग फ्लिकर संदीप सिह को फ्रांस के खिलाफ फाइनल में किए गए पांच गोल के लिए प्रत्येक गोल पर पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके अलावा संदीप को टूर्नामेंट के दौरान किए गए 16 गोल पर प्रत्येक गोल के लिए एक लाख रुपये दिए जाएंगे। भारत ने रविवार रात सम्पन्न प्रतियोगिता के फाइनल में फ्रांस को 8-1 से हराया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हॉकी, इनाम, सहारा, Hockey, Sahara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com