भारत और अफगानिस्तान के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से रिकॉर्ड बुक के पन्ने को पलट दिया है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 30 गेंदों में शतक जड़ते हुए टी20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने इस दौरान 34 गेंदों पर 108 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे.
हालांकि, अभिषेक ने सिर्फ रोहित शर्मा का 35 गेंदों में बनाए गए सबसे तेज भारतीय टी20I शतक का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा, बल्कि एक ऐसे खास क्लब में भी एंट्री कर ली, जहां उनसे पहले सिर्फ उर्विल पटेल का नाम दर्ज था. उर्विल पटेल और अब अभिषेक शर्मा टी20 इतिहास के ऐसे इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 300 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से एक से अधिक शतक लगाए हैं.
अभिषेक का यह शतक कई मायनों में ऐतिहासिक रहा. वह टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. इसके अलावा फुल मेंबर देशों की ओर से भी यह सबसे तेज टी20I शतक है. ओवरऑल टी20 क्रिकेट की बात करें तो अभिषेक तीसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे आगे एस्टोनिया के साहिल चौहान (27 गेंद) और तुर्की के मोहम्मद फहद (29 गेंद) हैं.
सबसे तेज T20I शतक का रिकॉर्ड
27 - साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
29 - मुहम्मद फहद (तुर्की) बनाम बुल्गारिया, सोफिया, 2025
30 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली, 2026
33 - जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (नामीबिया) बनाम नेपाल, कीर्तिपुर, 2024
33 - सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी (रुआराका), 2024
33 - फिन एलन (दक्षिण अफ्रीका) बनाम न्यूजीलैंड, कोलकाता, 2026
* भारत का पिछला सबसे तेज शतक: रोहित शर्मा (35 गेंद) बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
अभिषेक शुरुआत से ही बेहतरीन लय में नजर आए. उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार हमला बोलते रहे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारतीय टीम ने सिर्फ 6 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए. पावरप्ले में अभिषेक ने 22 गेंदों पर 76 रन बटोरे, जो टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के भीतर किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है.
उन्होंने संजू सैमसन के साथ पहले विकेट के लिए 9.5 ओवर में 142 रन की साझेदारी भी की. इससे पहले सीरीज के पहले मुकाबले में अभिषेक ने 82 रन और दूसरे मैच में 39 रन बनाए थे, लेकिन तीसरे टी20 में उन्होंने अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली.
11 छक्कों से सजी इस पारी की बदौलत अभिषेक शर्मा भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस सूची में पहला स्थान भी उन्हीं के नाम है, जब उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ एक पारी में 13 छक्के लगाए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं