एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को स्क्वैश कोर्ट पर भारत के लिए दिन अच्छा रहा. अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, अभय सिंह और वीर छोटरानी सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं. जूनियर वर्ल्ड चैंपियन और मेडल की दावेदार अनाहत ने अपने महिला सिंगल्स अभियान की शुरुआत सिंगापुर की वाई लिन औ योंग को सिर्फ़ 19 मिनट में 3-0 (11-4, 11-5, 11-7) से हराकर की. इसके बाद तन्वी ने सिंगापुर की वाई यैन औ योंग को 39 मिनट में 3-1 (5-11, 11-4, 11-5, 13-11) से हराकर अपनी हमवतन युवा खिलाड़ी के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
सेमीफाइनल का टिकट पक्का
इन नतीजों से अनाहत और तन्वी के बीच महिला सिंगल्स का क्वार्टर फाइनल मुकाबला तय हो गया, जिसमें दोनों भारतीय खिलाड़ी आमने-सामने होंगी. यह भारत के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि तन्वी भी मेडल केंडिटेट थीं. ऐसे में भारत को एक पदक का नुकसान हुआ है. क्योंकि पिछले संस्करण के उलट, स्क्वैश सिंगल्स प्रतियोगिता में सेमीफाइनलिस्ट के लिए मेडल पक्का नहीं है.ब्रॉन्ज़ मेडल के लिए हारने वाले दोनों सेमीफाइनलिस्ट के बीच तीसरे-चौथे स्थान के लिए मैच होगा.
मेंस इवेंट में भारत-पाकिस्तान की टक्कर
पुरुष सिंगल्स में, अभय सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए श्रीलंका के रविंदु लक्षिरी को 25 मिनट में 3-0 (11-5, 11-6, 11-0) से हराया.क्वार्टर फाइनल में अभय का सामना स्थानीय खिलाड़ी र्युनोसुके से होगा. हालांकि, वीर को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा; उन्होंने मलेशिया के संजय जीवा को एक घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में 3-2 (11-9, 8-11, 11-6, 15-17, 11-6) से हराया.क्वार्टर फाइनल में वीर का सामना पाकिस्तान के इरफान मुहम्मद से होगा.
इससे पहले दिन में, अनुभवी जोशना और वेलवन ने साथी भारतीयों सूरज चंद और शमीना रियाज़ को सीधे गेम में हराकर आगे का सफ़र तय किया. एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय जोड़ी ने अंतिम-16 के मुकाबले में सूरज-शमीना को 11-7, 11-10 से हराया. भारतीय जोड़ी शुक्रवार को क्वार्टर फ़ाइनल में फ़िलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो का सामना करेगी.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: भारतीय शूटर्स ने दिलाया एक और मेडल, अनंत जीत और परिनाज़ ने मिक्स्ड टीम स्कीट में जीता ब्रॉन्ज
यह भी पढ़ें: 'सहवाग' नाम के साथ उम्मीदों का बोझ, पिता की उपलब्धियों का कितना दबाव? आर्यवीर ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं