विज्ञापन
This Article is From Aug 20, 2017

ब्लिट्ज शतरंज में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ नौवें स्थान पर रहे आनंद

पूर्व विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के लिए अंतिम दिन भी निराशाजनक रहा. वह सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहे. यह टूर्नामेंट ग्रैंड चेस टूर का हिस्सा है.

ब्लिट्ज शतरंज में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ नौवें स्थान पर रहे आनंद
भारतीय ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद. (फाइल फोटो)
  • आनंद ने 9 राउंड के रैपिड वर्ग में 7 और ब्लिट्ज वर्ग में 7 अंक जुटाए
  • वह कुल 14 अंक के साथ 10 खिलाड़ियों के बीच नौवें स्थान पर रहे
  • आर्मेनिया के लेवोन अरोनियम ने 24.5 अंक के साथ खिताब जीता
सेंट लुई (अमेरिका): पूर्व विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के लिए अंतिम दिन भी निराशाजनक रहा. वह सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहे. यह टूर्नामेंट ग्रैंड चेस टूर का हिस्सा है. आनंद ने 9 राउंड के रैपिड वर्ग में 7 और ब्लिट्ज वर्ग में भी 7 अंक जुटाए. इससे वह कुल 14 अंक के साथ 10 खिलाड़ियों के बीच नौवें स्थान पर रहे.

यह भी पढ़ें: विश्वनाथन आनंद ने 'दिग्गजों की जंग' में कास्पारोव से ड्रॉ खेला

आनंद ने एक बाजी जीती
अंतिम दिन आनंद ने एक बाजी जीती, जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. उनकी बाकी पांच बाजियां ड्रॉ रही. ब्लिट्ज वर्ग में आनंद ने एकमात्र जीत रूस के इयान नेपोमनियाची के खिलाफ दर्ज की. लगभग दो हफ्ते में शुरू हो रहे विश्व शतरंज कप से पहले आनंद की फॉर्म चिंता का कारण है. यह 128 खिलाड़ियों का नॉकआउट टूर्नामेंट होगा. इसमें फाइनल के अलावा प्रत्येक दौर में दो क्लासिकल बाजी और विजेता के फैसले के लिए छोटे समय की टाईब्रेक बाजियां होंगी.

VIDEO: नागरिकता पर बेवजह उठा विवाद 



अरोनियम ने जीता खिताब
आनंद एक हफ्ते पहले क्लासिकल शतरंज में काफी अच्छी फॉर्म में दिख रहे थे, जब उन्होंने सिंकफील्ड कप में संयुक्त दूसरा स्थान हासिल किया था. इस भारतीय को हालांकि यहां रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट के दौरान सामने आई परेशानियों से निपटना होगा. इस बीच आर्मेनिया के लेवोन अरोनियम ने तीन अंक के अंतर से खिताब जीता. उन्होंने कुल 24.5 अंक जुटाए. रूस के सर्जेई कर्जाकिन और अमेरिका के हिकारू नाकामूरा ने 21.5 अंक के साथ संयुक्त दूसरा स्थान हासिल किया. संन्यास के 12 साल बाद वापसी कर रहे रूस के महान खिलाड़ी गैरी कास्परोव ने कुल 16 अंक हासिल करते हुए आनंद से बेहतर प्रदर्शन किया. 


(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viswanathan Anand, St Louis Rapid And Blitz Chess Tournament
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com