Telangana Hindi News: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में सड़क हादसे का दर्दनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई. वहीं, दूसरा शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा मिरियालगुडा शहर में नंदीपाडु बाईपास पर गुरुवार को हुआ.
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक तेज रफ्तार कार ने बेकाबू होकर बाईपास सड़क पर दो मोटरसाइकिलों को रौंद दिया. हादसे में सिक्योरिटी गार्ड मेगावत नायक (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जो मिरियालगुडा मंडल के मैसम्मा कुंटा तांडा के रहने वाले थे.
बाइक के परखच्चे उड़ गए
कार से भिड़ंत के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक काफी दूर तक फिसलती हुई गई. टक्कर लगने के बाद दोनों व्यक्ति भी सड़क पर घिसटते रहे. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि अन्य लोग भी लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं, जो गलत तरीके से सड़क को पार कर रहे हैं. हादसे का शिकार हुए बाइक सवार ने भी आवाजाही करते वाहनों के बीच से रोड पार किया. हालांकि, इस दौरान कार की रफ्तार भी तेज थी.
हादसे में एक दूसरा व्यक्ति धनवत भास्कर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो कुरिया तांडा का रहने वाला है. उसे अन्य घायल व्यक्तियों के साथ सरकारी एरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मृतक के परिजनों का प्रदर्शन
हादसे के बाद मृतक के रिश्तेदारों ने तत्काल मुआवज़े की मांग करते हुए नारकेटपल्ली सड़क पर नंदीपाडु बाईपास पर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया, जिसके कारण कुछ समय के लिए इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया. पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- होटल कर्मी ने पुलिस वर्दी में बनाई रील, कहा- CM की सिक्योरिटी में हूं, मिलवा सकता हूं; वायरल होते पहुंचा जेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं