विज्ञापन
This Article is From Jun 03, 2019

कांग्रेस नेता ने की थी पीएम मोदी की तारीफ, पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्‍ता

एनडीए की शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करने वाले केरल के कांग्रेस नेता ए पी अब्दुल्लाकुट्टी को पार्टी ने सोमवार को तत्काल प्रभाव से निकाल दिया.

कांग्रेस नेता ने की थी पीएम मोदी की तारीफ, पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्‍ता
केरल कांग्रेस के पूर्व नेता ए पी अब्दुल्लाकुट्टी (फाइल फोटो)

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2019) में भले ही देश भर में कांग्रेस (Congress) को मुंह की खानी पड़ी हो लेकिन केरल में उसक प्रदर्शन अच्‍छा रहा और पार्टी ने यहां 15 सीटों पर जीत दर्ज की. यहां से जीतने वालों में कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी हैं जिन्‍होंने यहां की वायनाड सीट से जीत हासिल की. लेकिन राज्‍य में कांग्रेस के एक नेता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की तारीफ करना भारी पड़ गया है. पार्टी ने उन्‍हें तत्‍काल प्रभाव से नष्किासित कर दिया है. एनडीए की शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करने वाले केरल के कांग्रेस नेता ए पी अब्दुल्लाकुट्टी को पार्टी ने सोमवार को तत्काल प्रभाव से निकाल दिया. अब्दुल्लाकुट्टी ने कुछ दिन पहले फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि एनडीए की जीत मोदी के विकास के एजेंडे की स्वीकार्यता दिखाती है और उनकी सफलता का राज है कि उन्होंने गांधीवादी मूल्यों को अपनाया. केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मोदी की प्रशंसा करने पर अब्दुल्लाकुट्टी से सफाई मांगी जिस पर उन्होंने उपहासपूर्ण तरीके से जवाब दिया.

कांग्रेस की केरल इकाई ने एक बयान में कहा कि अब्दुल्लाकुट्टी ने पार्टी के हितों और उसके कार्यकर्ताओं की भावनाओं के विरुद्ध बयान देकर पार्टी के खिलाफ काम किया है. इसमें कहा गया कि वह मीडिया के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अपमानजनक बयान दे रहे थे और पार्टी अनुशासन तोड़ रहे थे. रामचंद्रन ने कहा, ‘‘इन हालात में अब्दुल्लाकुट्टी को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है.''

पहले दो बार माकपा से सांसद रहे अब्दुल्लाकुट्टी को 2009 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी की तारीफ करने पर भी वाम दल से निकाला गया था. बाद में वह कांग्रेस से विधायक बने. उन्होंने इस बार मोदी की तारीफ की तो उनके शासनकाल में शुरू की गयीं स्वच्छ भारत मिशन और उज्ज्वला जैसी योजनाओं की भी प्रशंसा की.

कांग्रेस के मुखपत्र ‘वीक्षणम' में अब्दुल्लाकुट्टी की निंदा करते हुए उन्हें ‘प्रवासी पक्षी' करार दिया गया और कहा गया है कि उनका बर्ताव पूरी तरह अस्वीकार्य है. अब्दुल्लाकुट्टी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अखबार ने उनका पक्ष जाने बिना प्रतिक्रिया दी है.

VIDEO: महाराष्ट्र कांग्रेस में होंगे कई बड़े बदलाव?

(इनपुट भाषा से...)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com