विज्ञापन

अमृत भारत स्टेशन क्या हैं? पूरे देश में बनने हैं 1338, राजस्थान में 85 - जानिए 10 बातें

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री मोदी आज 20 राज्यों में 75 पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन कर रहे हैं.

अमृत भारत स्टेशन क्या हैं? पूरे देश में बनने हैं 1338, राजस्थान में 85 - जानिए 10 बातें
जैसलमेर का पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन
ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार, 17 जुलाई को दो बड़ी रेल परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं. पीएम मोदी ने आज भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. यह हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा में जींद से सोनीपत के बीच चलेगी. इस ट्रेन को स्वच्छ ऊर्जा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया जा रहा है. इस ट्रेन के साथ ही भारत की गिनती जर्मनी, जापान, चीन और अमेरिका जैसे कुछ चुनिंदा देशों की सूची में होने जा रही है जो पर्यावरण के लिए अनुकूल मानी जानेवाली तकनीक को अपनाने की दिशा में हाइड्रोजन के उपयोग जैसा ठोस काम कर रहे हैं. इसके साथ ही प्रधानमंत्री एक और महत्वाकांक्षी परियोजना 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अगले चरण के तहत 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने वाले हैं. आइए 10 प्वाइंट में समझें कि ये अमृत भारत स्टेशन क्या हैं और इस दिशा में राजस्थान में क्या प्रगति हुई है?

पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाते पीएम मोदी

पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाते पीएम मोदी
Photo Credit: IANS

  1. पीएम मोदी आज पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अगले चरण के 75 नए स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे. 110 साल पुराने ऐतिहासिक जालंधर स्टेशन समेत ये 75 रेलवे स्टेशन 20 राज्यों में हैं.
  2. इन 75 में से 8 स्टेशन राजस्थान में हैं. ये स्टेशन हैं - जैसलमेर, बाड़मेर, गोटन, सोमेसर, दौसा, खैरथल, गंगापुर सिटी और डीग. पीएम मोदी इनका  वर्चुअल उद्घाटन करेंगे.
  3. अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरुआत 2023 में हुई थी. हालांकि, योजना की प्रेरणा वर्ष 2021 में गुजरात के गांधीनगर और उसी वर्ष भोपाल में रानी कमलापति स्टेशन - जिसे पहले हबीबगंज कहा जाता था - के पुनर्विकास से मिली.
  4. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 2026 के मध्य तक देशभर के 1338 रेलवे स्टेशनों की पहचान की गई है जिनका पुनर्विकास किया जाना है. इनमें से ज्यादातर छोटे और मझोले रेलवे स्टेशन हैं.
  5. प्रधानमंत्री ने फरवरी 2024 में 554 स्टेशनों की आधारशिला रखी थी. मई 2025 में उन्होंने 18 राज्यों में 103 पुनर्निर्मित स्टेशनों का उद्घाटन किया था.
    राजस्थान के 8 अमृत भारत स्टेशनों के नाम

    राजस्थान के 8 अमृत भारत स्टेशनों के नाम
    Photo Credit: @DRMJodhpurNWR

  6. पीएम मोदी ने पिछले साल राजस्थान से 103 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया था. ये स्टेशन 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, और  देश के 86 ज़िलों में थे. प्रधानमंत्री ने 22 मई 2025 को देशनोक रेलवे स्टेशन पर बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन (21903) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. 
  7. पिछले साल राजस्थान के 8 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन हुआ था. ये हैं - देशनोक, गोगामेड़ी, राजगढ़, फतेहपुर शेखावाटी, गोविंदगढ़, मंडावर महुवा रोड, मांडलगढ़ और बूंदी.
  8. रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस वर्ष मई में जानकारी दी थी कि पूरे राजस्थान में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 85 स्टेशन बनाए जा रहे हैं. इस प्रकार 17 जुलाई 2026 तक राजस्थान में 16 अमृत भारत स्टेशन तैयार हो चुके हैं.
    जैसलमेर स्टेशन का प्रवेश द्वार

    जैसलमेर स्टेशन का प्रवेश द्वार
    Photo Credit: NDTV

  9. अमृत भारत स्टेशन योजना एक दीर्घकालीन योजना है जिसके तहत पूरे देश में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जाना है. इसका मुख्य उद्देश्य देशभर के स्टेशनों को स्वच्छ, ज़्यादा आरामदेह और इस्तेमाल के लिए आसान बनाना है.
  10. अमृत भारत स्टेशनों की सबसे बड़ी विशेषता ये है कि इन स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति, विरासत तथा स्थापत्य का ध्यान रखते हुए किया जाएगा. जैसे, जैसलमेर के स्टेशन को स्वर्ण नगरी की छवि का ध्यान रखते हुए पीले पत्थरों से बनाया गया है. इसी प्रकार जयपुर का रेलवे स्टेशन हवा महल और आमेर के क़िले से प्रेरित होगा.

ये भी पढ़ें-: चल पड़ी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जींद से PM मोदी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हाइड्रोजन ट्रेन का किराया सिर्फ 5 रुपया, प्लेटफॉर्म टिकट से भी सस्ता! जींद से सोनीपत के लगेंगे इतने रुपये

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amrit Bharat 75 Stations, Amrit Bharat Station List, Amrit Bharat Station, Rajasthan Train
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com