अजमेर शहर में जलदाय विभाग की एक पानी की टंकी में लीक होने से कुछ ही देर के अंदर लाखों लीटर पानी बह गया. इसकी वजह से एक ओर जहां इलाके में पीने के पानी की आपूर्ति पर असर पड़ा, वहीं दूसरी ओर टंकी के आस-पास के इलाके में अफरातफरी मच गई. इस टंकी से पानी लीक होने का एक वीडियो सामने आया है जिसमें टंकी से तेज गति से बड़ी मात्रा में पानी को नीचे गिरते और आस-पास बहते देखा जा सकता है.
आसपास के लोगों में नाराजगी
यह घटना अजमेर शहर के मदार क्षेत्र स्थित नेहरू नगर की है. वहां जलदाय विभाग की पानी की टंकी का वॉल अचानक लीक हो गया. इससे लाखों लीटर पीने का पानी सड़क पर बह गया. पानी का तेज बहाव होने के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार टंकी से निकला पानी आसपास के कई मकानों में घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ मकानों की नींव बैठने की भी बात सामने आई है.

पानी टंकी के लीक होने के बाद तेजी से पानी बहने लगा
Photo Credit: NDTV
घटना के चलते क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई. एक ओर जहां लोग पानी की सप्लाई का इंतजार करते रहे, वहीं दूसरी ओर टंकी से बड़ी मात्रा में पीने का पानी बहकर सड़क पर बर्बाद होता रहा. स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही टंकी के वॉल की मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद अचानक वॉल लीक हो गया.
लापरवाही का आरोप
लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते वॉल की जांच और मरम्मत ठीक तरीके से की जाती तो लाखों लीटर पानी बर्बाद होने से बचाया जा सकता था. पानी के तेज बहाव से सड़क और आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित हुआ.
स्थानीय लोगों ने विभाग से मामले की जांच करवाने, क्षतिग्रस्त वॉल को स्थायी रूप से दुरुस्त करने और प्रभावित मकानों का निरीक्षण करवाने की मांग की है. घटना के बाद क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है.
ये भी पढ़ें-: सांवलिया सेठ में भक्तों ने चढ़ाए ₹38 करोड़, 1 किलो सोना 100 किलो चांदी; जानिए क्या होगा रिकॉर्डतोड़ चढ़ावे का?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं