राजस्थान के स्कूल इन दिनों लगातार विभिन्न वजहों से चर्चा में हैं. हाल ही में राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री पर रोक लगाने के निर्देश को लेकर बहस छिड़ी है. वहीं पिछले कुछ समय से शिक्षकों के नशा कर स्कूल पहुंचने की घटनाएं हो रही हैं. ऐसा एक नया मामला अजमेर जिले से सामने आया है जहां एक स्कूल का प्रधानाध्यापक नशे में धुत्त होकर स्कूल पहुंचा और मैदान में ही सो गया. बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने उसे किसी तरह से उठाकर उसे होश में लाया. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है.
यह घटना सावर उपखंड क्षेत्र के मीणों का नयागांव ग्राम पंचायत के उंदरी गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की है. आरोप है कि विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक भीमा राम शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और नशे की हालत में स्कूल के खेल मैदान में घास पर ही सो गए. ग्रामीणों के अनुसार शिक्षक इतने नशे में थे कि उन्हें आसपास की गतिविधियों का भी होश नहीं था.

अजमेर में नशे में धुत्त टीचर स्कूल के मैदान पर सोया पड़ा मिला
Photo Credit: NDTV
ग्रामीणों में नाराजगी
मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय विकास समिति के अध्यक्ष सहित अन्य ग्रामीण स्कूल पहुंचे और शिक्षक को मैदान से उठाकर पानी से मुंह व सिर धोकर होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ. विद्यालय समय में शिक्षक के इस तरह नशे की हालत में मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी है और उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के अनुशासन पर सीधा असर पड़ता है. ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
मामले की सूचना ग्रामीणों ने सावर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को दी. अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गणपत लाल मीणा ने बताया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल आने की शिकायत प्राप्त हुई है. मामले की जांच के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीणों का नयागांव और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पारा के प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है. अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.
ये भी देखें-: वैष्णो देवी तक सीधी ट्रेन; सिरोही, पाली, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर के यात्रियों को होगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं