जयपुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर अब पहले से महंगा हो गया है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जयपुर-दिल्ली हाईवे, जयपुर-सीकर बाइपास और जयपुर रिंग रोड पर टोल टैक्स बढ़ाया गया है. संशोधित दरें आज रात 12 बजे से प्रभावी हो गई हैं. नई दरों के तहत वाहन श्रेणी के अनुसार, टोल में 5 रुपये से लेकर 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल पर बढ़ा शुल्क
जयपुर-दिल्ली ओल्ड हाईवे स्थित मनोहरपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के टोल में 5 रुपये तक की वृद्धि की गई है. मिनी ट्रक, बस और अन्य भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल दरों में 5 रुपये से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर निजी वाहनों के लिए टोल शुल्क 195 रुपये से बढ़ाकर 215 रुपये कर दिया गया है. यानी यहां कार, जीप और वैन चालकों को अब 20 रुपये अधिक टोल देना होगा.
सीकर बाइपास और रिंग रोड पर राहत
जयपुर-सीकर बाइपास स्थित टाटियावास टोल प्लाजा और जयपुर रिंग रोड के सीतारामपुरा (बस्सी) टोल प्लाजा पर केवल व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल दरों में संशोधन किया गया है. इन दोनों टोल प्लाजा पर निजी वाहनों के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी, जिससे आम वाहन चालकों को फिलहाल राहत मिली है.
परिवहन व्यवसाय से जुड़े ऑपरेटरों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है. NHAI की ओर से संशोधित टोल दरें सभी संबंधित टोल प्लाजा पर लागू कर दी गई हैं.
यह भी पढ़ें: माही नदी में गिरने से बचा ट्रक, फिल्मी स्टाइल में गेमन पुल पर आधा लटका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं