विज्ञापन

शॉर्टकट के चक्कर में बच्चों की जान खतरे में डाली, नदी में उतार दी स्कूल बस, बीच में फंसी

ब्यावर में मेगड़दा नदी में लगभग दो घंटे तक स्कूली बच्चों से भरी बस के फंसे रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शॉर्टकट के चक्कर में बच्चों की जान खतरे में डाली, नदी में उतार दी स्कूल बस, बीच में फंसी

राजस्थान के ब्यावर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही का एक चिंताजनक मामला सामने आया है. यहां रायपुर की गुरुकृपा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस मेगड़दा नदी में फंस गई. चालक ने लापरवाही कर बस को बहते पानी में उतार दी. इस गलती के कारण बस नदी के बीच फंस गई और पलटने की स्थिति हो गई. जिस वक्त ये घटना हुई तब बस के अंदर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सवार थे. मौके पर दहशत का माहौल हो गया. इस हादसे के दौरान स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई. करीब दो घंटे तक बच्चे पानी के फंसे रहे लेकिन इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद गुरुकृपा स्कूल प्रबंधक और प्रिंसिपल या अन्य स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा. इस बात पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई.

दहशत में रोने लगे बच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रायपुर की गुरुकृपा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को लेकर स्कूल बस रोजाना की तरह स्कूल जा रही थी. इस बीच रास्ते में पुल पर चढ़ने की बजाय ड्राइवर ने बस नदी में उतार दी. ब्यावर में दो दिन से हो रही भारी बारिश के कारण नदी उफान पर होने से बस पानी में फंस गई. बस के पहिए पानी के अंदर जमीन में धंस गए और बस के पलटने की स्थिति बन गई. बस के अंदर बैठे स्कूली बच्चों में दहशत फैल गई. छोटे-छोटे बच्चे घबरा गए. कुछ बच्चे चीखते हुए मदद की पुकार लगाने लगे और कुछ रोने लगे. बच्चों में डर और घबराहट दिखाई दी.

बस को ट्रैक्टर की मदद से खींचकर निकाला गया

बस को ट्रैक्टर की मदद से खींचकर निकाला गया
Photo Credit: NDTV

ट्रैक्टर की मदद से किया रेस्क्यू

हादसे के सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बच्चों को सांत्वना देते हुए हिम्मत दिलाई. इसके बाद नदी में फंसी बस को बाहर निकालने के प्रयास किए. एक किसान के ट्रेक्टर की मदद से बस को पानी से बाहर निकालकर बच्चों को सुरक्षित बचाया. ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा होने से बच गया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. इस मामले को लेकर एनडीटीवी ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया तो प्रिंसिपल धर्मीचंद तंवर ने गैर जिम्मेदाराना बयान देते हुए घटना को मामूली बताया.

घटना का वीडियो सामने आया

ब्यावर में हुई इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें स्कूल बस नदी में फंसी हुई नजर आ रही है. बस के अंदर बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करता है. खासकर तब, जब बरसात के मौसम में सड़कों पर जलभराव हो और स्कूल बसों को अस्थायी और बारिश से प्रभावित रास्तों से निकालना हो. गनीमत रही कि इस हादसे में सभी स्टूडेंट्स सुरक्षित बच गए.

ये भी पढ़ें-: ब्लड डोनेशन कैंप में खून देने काफिले के साथ पहुंचा माफिया; थार, स्कॉर्पियो, बोलेरो जब्त, 10 गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Beawar NEWS, School Bus, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com