विज्ञापन

क्षेत्रीय पार्टियों की कब्र रही राजस्थान की सियासत में RLP की दस्तक, जानें 8 साल में कैसा रहा बेनीवाल का सफर

बेनीवाल के सामने अब इस प्रदर्शन को विधानसभा चुनाव में दोहराने की चुनौती होगी. पंचायत चुनाव में जीते सदस्य जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में भी पार्टी की भूमिका तय करेंगे.

क्षेत्रीय पार्टियों की कब्र रही राजस्थान की सियासत में RLP की दस्तक, जानें 8 साल में कैसा रहा बेनीवाल का सफर
राजस्थान की राजनीति में हनुमान बेनीवाल ने एक नया सवेरा उदय किया है.
  • RLP ने नागौर के अलावा जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और जयपुर के सांगानेर में भी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज की है
  • RLP ने 2018 में तीन विधायक और 2019 में लोकसभा चुनाव में नागौर सीट पर जीत हासिल की थी, बाद में गठबंधन छोड़ दिया
  • पंचायत चुनाव में मिली सफलता के बाद RLP के सामने 2024 विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने की चुनौती है

राजस्थान की सियासत में क्षेत्रीय पार्टियों के लिए अपनी जगह बनाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है. ऐसे में लंबे अरसे बाद पंचायत चुनाव में एक क्षेत्रीय दल की मजबूत मौजूदगी दिखाई दी है. हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने अपने गढ़ नागौर के साथ जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और राजधानी जयपुर के सांगानेर तक में जीत दर्ज कर अपनी बड़ी राजनीतिक ताकत दिखाई है. ग्रामीण राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस के बीच RLP की इस कामयाबी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कई नए सियासी संकेत दिए हैं. पंचायत चुनाव के नतीजों में उनकी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 496 पंचायत समिति और 37 जिला परिषद सदस्य के पदों पर जीत दर्ज की है. पंचायत चुनाव में RLP ने सीटों के साथ वोट शेयर के मामले में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. जिला परिषद सदस्य के चुनाव में पार्टी को 16,45,301 वोट मिले जो कुल मतदान का 6.64 प्रतिशत है. वहीं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में RLP को 16,81316 वोट मिले जो 6.78 प्रतिशत है. दोनों स्तरों पर पार्टी का वोट शेयर छह फीसदी से अधिक रहा.

इस बार RLP का प्रदर्शन केवल नागौर तक सीमित नहीं रहा. पार्टी ने अपने परंपरागत प्रभाव वाले नागौर के अलावा जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और जयपुर सहित कई जिलों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. राजधानी जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति में बहुमत हासिल करना भी पार्टी के लिए अहम रहा. आरएलपी का यह प्रदर्शन इसलिए भी अहम है क्योंकि 2023 के विधानसभा चुनाव में RLP सिर्फ एक सीट पर सिमट गई थी. अब पंचायत चुनाव में पार्टी ने नागौर से बाहर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दिखाई है.

असल में विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद हनुमान बेनीवाल ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए पार्टी का विस्तार करने के लिए जन आंदोलन का सहारा लिया. हनुमान बेनीवाल ने पिछले कुछ समय में किसान, युवा और स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आंदोलन कर अपनी राजनीतिक सक्रियता बनाए रखी. जयपुर में SI भर्ती-2021 रद्द करने और RPSC के पुनर्गठन की मांग को लेकर युवा आक्रोश महारैली और शहीद स्मारक पर धरना दिया. जोधपुर में अग्निपथ योजना के विरोध में युवा हुंकार महारैली के जरिए सेना में नियमित भर्ती की मांग उठाई. अपने गढ़ नागौर में किसानों के मुआवजे, फसल बीमा, बिजली कनेक्शन और अवैध बजरी खनन के खिलाफ प्रशासन को घेरा. वहीं जयपुर जिले के बिच्छून में भैराणा धाम बचाओ आंदोलन को समर्थन देकर स्थानीय ग्रामीणों और साधु-संतों के साथ खड़े हुए. इस आंदोलन में RIICO औद्योगिक क्षेत्र के प्रस्ताव का विरोध हो रहा था. बेनीवाल के पहुंचने और जयपुर कूच के ऐलान के बाद प्रशासन के साथ वार्ता हुई और आंदोलनकारियों की मांगों पर सहमति बनी. इन आंदोलनों के जरिए बेनीवाल ने नागौर के बाहर भी किसानों, युवाओं और स्थानीय समुदायों के मुद्दों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

दरअसल, आठ साल पुरानी पार्टी आरएलपी के सियासी सफर में हनुमान बेनीवाल ने कई राजनीतिक प्रयोग किए. कभी बीजेपी के साथ गठबंधन किया तो कभी उसी के खिलाफ मोर्चा खोला. कांग्रेस के साथ लोकसभा चुनाव लड़ा और अब असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ मिलकर तीसरा विकल्प बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

2018 में पार्टी बनाई, तीन विधायक विधानसभा पहुंचे

हनुमान बेनीवाल ने 29 अक्टूबर 2018 को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी बनाई. इससे पहले वे बीजेपी में रह चुके थे. 2008 में खींवसर से बीजेपी के टिकट पर विधायक बने. 2013 में पार्टी से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नई पार्टी के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया. RLP ने 57 सीटों पर चुनाव लड़ा और तीन सीटें जीतीं. बेनीवाल खींवसर, पुखराज गर्ग भोपालगढ़ और इंदिरा देवी मिर्धा मेड़ता से विधायक बनीं. पार्टी को करीब 2.4 फीसदी वोट मिले. यह राजस्थान में तीसरी राजनीतिक ताकत खड़ी करने की दिशा में पहला बड़ा चुनावी प्रदर्शन था.

2019 में BJP से गठबंधन, नागौर से सांसद बने

2019 के लोकसभा चुनाव में बेनीवाल ने बीजेपी के साथ गठबंधन किया. बीजेपी ने नागौर लोकसभा सीट RLP के लिए छोड़ी. बेनीवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति मिर्धा को 1.81 लाख से ज्यादा वोटों से हराया. वे पहली बार लोकसभा पहुंचे. इस गठबंधन से बीजेपी को भी राजस्थान में चुनावी फायदा मिला. लोकसभा चुनाव के बाद खींवसर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उनके भाई नारायण बेनीवाल भी RLP के टिकट पर विधायक बने.

2020 में किसान आंदोलन के मुद्दे पर NDA छोड़ा

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन शुरू हुआ तो बेनीवाल ने बीजेपी से दूरी बनानी शुरू कर दी. दिसंबर 2020 में उन्होंने तीन कृषि कानूनों के विरोध में NDA छोड़ने का ऐलान कर दिया. हालांकि 2020 के पंचायत चुनाव में RLP ने बीजेपी के साथ गठबंधन में नहीं, बल्कि अलग चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में पार्टी ने 56 पंचायत समिति और 10 जिला परिषद सदस्य के पदों पर जीत दर्ज की थी. इससे साफ हुआ कि बेनीवाल गठबंधन से अलग रहते हुए भी अपना राजनीतिक आधार बनाए रख सकते हैं.

2023 में तीन से घटकर एक विधायक रह गया

2023 के विधानसभा चुनाव में RLP ने 78 सीटों पर प्रत्याशी उतारे. पार्टी को 2.39 फीसदी वोट मिले, लेकिन जीत सिर्फ खींवसर सीट पर मिली. हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी के रेवंतराम डांगा को महज 2,059 वोटों से हराया. 2018 में तीन विधायक जीतने वाली पार्टी पांच साल बाद एक सीट पर आ गई. इसके बाद नवंबर 2024 में हनुमान बेनीवाल के लोकसभा चुनाव जीतने की वजह से हुए खींवसर उपचुनाव में भी RLP को हार का सामना करना पड़ा. बीजेपी के रेवंतराम डांगा ने बेनीवाल की पत्नी कनिका बेनीवाल को हराकर यह सीट जीत ली. RLP विधानसभा में पूरी तरह खाली हो गई.

2024 में कांग्रेस के साथ गठबंधन, फिर लोकसभा पहुंचे

2024 के लोकसभा चुनाव में बेनीवाल ने कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया. INDIA गठबंधन के तहत नागौर सीट RLP को मिली. इस बार भी उनका मुकाबला ज्योति मिर्धा से था, जो बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं. बेनीवाल ने 5,96,955 वोट हासिल किए और 42,225 वोटों से जीत दर्ज की. 2019 के मुकाबले जीत का अंतर काफी कम रहा, लेकिन वे नागौर से दूसरी बार सांसद बनने में कामयाब रहे.

2026 में ओवैसी के साथ नया राजनीतिक प्रयोग

इस साल बेनीवाल ने असदुद्दीन ओवैसी के साथ राजनीतिक तालमेल किया. दोनों नेताओं ने राजस्थान के निकाय चुनावों के लिए गठबंधन किया और जाट-मुस्लिम एकजुटता के जरिए तीसरा विकल्प खड़ा करने की बात कही. बेनीवाल के लिए यह नागौर से बाहर राजनीतिक आधार बढ़ाने की एक और कोशिश दिखाई दी.

पंचायत चुनाव में नागौर से बाहर भी दिखाई ताकत

अब पंचायत चुनाव के नतीजों ने RLP को फिर से चर्चा में ला दिया है. पार्टी ने 496 पंचायत समिति और 37 जिला परिषद सदस्य के पदों पर जीत दर्ज की है. जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति में पार्टी ने 12 में से 8 सीटें जीतीं. जोधपुर की बावड़ी और सालवा खुर्द पंचायत समितियों में भी पार्टी को बहुमत मिला. नागौर जिला परिषद में पार्टी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी. 2020 के पंचायत चुनाव में RLP ने 56 पंचायत समिति और 10 जिला परिषद सीटें जीती थीं. इस बार 496 और 37 सीटों तक पहुंचना पार्टी के स्थानीय जनाधार के विस्तार का बड़ा संकेत है.

बेनीवाल के सामने अब इस प्रदर्शन को विधानसभा चुनाव में दोहराने की चुनौती होगी. पंचायत चुनाव में जीते सदस्य जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में भी पार्टी की भूमिका तय करेंगे. पिछले आठ साल में बेनीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों के साथ गठबंधन किया है लेकिन हर बार अपनी पार्टी की अलग पहचान बनाए रखने की कोशिश की. अब देखना होगा कि पंचायत चुनाव में मिली सफलता को वे विधानसभा चुनाव में कहाँ तक ले जा पाते हैं.

पंचायत चुनाव में मिले परिणामों की बड़ी वजह हनुमान बेनीवाल की सोशल इंजीनियरिंग भी रही है. पिछले विधानसभा चुनाव के बाद बेनीवाल ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए अपनी राजनीति को जाट और किसान वर्ग तक सीमित रखने के बजाय दूसरे सामाजिक वर्गों तक विस्तार दिया है. इसी रणनीति के तहत 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया. इसके जरिए जाट और दलित समीकरण बनाने का प्रयास किया गया. हालांकि चुनाव में गठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. इसके बाद निकाय चुनाव में बेनीवाल ने असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM के साथ हाथ मिलाया. इस गठबंधन के जरिए पश्चिमी राजस्थान के जाट बहुल इलाकों और मुस्लिम प्रभाव वाले क्षेत्रों में राजनीतिक तालमेल बनाने की कोशिश की गई.

यह भी पढ़ें | वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में कांटे की टक्कर, 1 सीट पर फंसा पेंच, पंचायत चुनाव समिति के लिए बाड़ेबंदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hanuman Beniwal, Rashtriya Loktantrik Party, Rajasthan Panchayat Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com