राजस्थान निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को जयपुर में कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट और टीकाराम जूली समेत अन्य नेता शामिल हुए. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता के साथ नगर निकाय व पंचायत चुनाव लड़ने का संकल्प लिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बैठक को संबोधित करते दिल्ली बॉर्डर के घेराव का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के समर्थन में दिल्ली चलने के लिए तैयार रहो.
'मदन दिलावर का इस्तीफा कराकर ही रहेंगे'
जयपुर के मुहाना के मजेस्टिक रिजॉर्ट में कांग्रेस की निकाय चुनाव को लेकर हुई बैठक में गोविंद सिंह डोटासरा ने दिल्ली में राहुल गांधी के धरने का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आप सब लोग तैयार हो जाओ. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का भी इस्तीफा कराकर ही रहेंगे.

Photo Credit: X@GovindDotasra
'भाजपा को करारा जवाब देगी कांग्रेस'
पीसीसी चीफ ने आगे कहा कि पंचायत से नगर निकाय तक, कांग्रेस का परचम लहराना है. ढाई साल में राजस्थान की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी को पहचान चुकी है. अब पंचायत से लेकर नगर निकाय तक चुनावों में जनता अपने वोट से भाजपा सरकार के कामकाज का हिसाब करेगी और करारा जवाब देगी.
पंचायत से नगर निकाय तक, कांग्रेस का परचम लहराना है✋
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) August 21, 2026
आज इसी संकल्प के साथ पंचायत व निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
ढाई साल में राजस्थान की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी को… pic.twitter.com/OTRrANcXrn
कैसे होगा कांग्रेस उम्मीदवार का चयन
वहीं, कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं की शुक्रवार को यहां बैठक हुई, जिसमें आगामी नगर निकाय और पंचायत राज चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों, चुनावी रणनीति और स्थानीय स्तर से प्राप्त जानकारी पर चर्चा की गई. कांग्रेस नेता ने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को नगर निकाय के चुनाव की उम्मीदवार के लिए जो ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो रहे हैं वे संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी को भिजवाए जाएंगे.
पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, जिला स्तर पर गठित राजनीतिक मामलों की समिति इन आवेदनों पर गौर करेगी, जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशियों का चयन किया जायेगा. बताया गया कि बैठक में उपस्थित सभी कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि वे भारतीय जनता पार्टी को नगर निकाय और पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में शिकस्त देने के लिये एकजुटता से काम करेंगे.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान के स्कूलों में 'नो एंट्री' पर बवाल, सदन में हंगामा; सड़कों पर मारपीट, भड़के रविंद्र भाटी
'आपका टाइम खत्म हो चुका', शिक्षा मंत्री को आशुतोष रांका की दो टूक, अभिजीत दीपके बोले- जयपुर जाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं