विज्ञापन

एक्सप्रेसवे निर्माण में राजस्थान पहले नंबर पर; 4809 किमी में से 1192 किमी सड़कें यहीं बनी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में जानकारी दी है कि देशभर में कुल 10,389 किलोमीटर हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी गई है.

एक्सप्रेसवे निर्माण में राजस्थान पहले नंबर पर; 4809 किमी में से 1192 किमी सड़कें यहीं बनी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है
NDTV

राजस्थान के नाम सड़क निर्माण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. देश में अब तक जितने भी हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण हो चुका है उनमें राजस्थान अव्वल रहा है. राजस्थान में अब तक 1,192 किलोमीटर लंबाई के एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा चुका है. यह देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में सबसे अधिक है.  केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में इसकी जानकारी दी. राजस्थान में एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार को राज्य की सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है.

हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का 25% राजस्थान में

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सदन को बताया कि देशभर में कुल 10,389 किलोमीटर हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी गई है. इनमें से 4,809 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है. इनमें से राजस्थान में ही 1,192 किलोमीटर एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हुआ है.

इस प्रकार नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के मामले में राजस्थान देश में सबसे आगे निकल गया है. इस प्रकार देशभर में अब तक जितने भी हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्मित  हुए हैं उनका करीब 25 प्रतिशत हिस्सा राजस्थान से होकर गुजरता है.

एक्सप्रेसवे से राजस्थान की बड़ी बढ़त

एक्सप्रेसवे के विस्तार से राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हुई है.प्रदेश में बने हाई-स्पीड कॉरिडोर से लंबी दूरी की यात्रा का समय कम हुआ है और प्रमुख शहरों, औद्योगिक क्षेत्रों, सीमावर्ती इलाकों तथा दूसरे राज्यों के बीच सड़क संपर्क बेहतर हुआ है.

सरकार के अनुसार, हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे राजस्थान की अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

ये भी पढ़ें-: किसान के 19 साल के बेटे का कमाल, सेंसर और रिमोट से चलने वाले इलेक्ट्रिक हार्वेस्टर का मॉडल बनाया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Expressway, Greenfield, Nitin Gadkari, Road Construction
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com