हेडिंग पढ़ कर शायद आपका माथा भी ठनका होगा! इतना महंगा फ्लैट! मन में सवाल आया होगा कि इस फ्लैट में आखिर ऐसा क्या होगा! ये खरीदा किसने? तो भई, देश में न रईसों की कमी है और न ही शौकीनों की. चलिए बातों का ज्यादा घुमाए बगैर, खबर शुरू करते हैं. खबर ये है कि गुरुग्राम के एक अल्ट्रा लग्जरी प्रोजेक्ट ने रियल एस्टेट सेक्टर में एक बार फिर सनसनी मचा दी है. दिग्गज रियल एस्टेट डेवलपर डीएलएफ (DLF Ltd.) ने अपने एक अपकमिंग सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट में 271 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर एक पेंटहाउस बेचा है. प्रति वर्ग फीट कीमत के मामले में यह देश के सबसे महंगे रियल एस्टेट सौदों में से एक है. आइए जानते हैं कि इस आलीशान पेंटहाउस में आखिर ऐसा क्या खास है और इसे किसने खरीदा है.
किसने खरीदा है यह 271 करोड़ का आशियाना?
PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि DLF के इस मेगा प्रोजेक्ट में ये शानदार पेंटहाउस उद्यमी मानव सरदाना (Manav Sardana) ने खरीदा है. सरदाना पहले 'इंपीरियल ऑटो' (Imperial Auto) से जुड़े रहे हैं. इस डील ने फिर से दिखाया है कि देश के रईसों और बिजनेस टायकून के बीच लग्जरी प्रॉपर्टीज की कितनी जबरदस्त मांग है. ये डील तब सामने आई है, जब देश में बड़ी संख्या में लग्जरी फ्लैट के अनसोल्ड रहने की खबर चल रही है. DLF के स्पोक्सपर्सन ने इस डील पर कमेंट करने से इनकार कर दिया.
गुरुग्राम के इस सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट में ऐसा क्या है खास?
DLF का यह अल्ट्रा-लग्जरी प्रोजेक्ट 'द डेलियाज' (The Dahlias) है, जो गुरुग्राम के DLF फेज-5 (DLF Phase 5) में स्थित है. इसे अक्टूबर 2024 में लॉन्च किया गया था. ये अपने विशाल आकार (Size) को लेकर भी चर्चा में है.
इसकी रिकॉर्ड तोड़ कीमत भी चर्चा में है. जिस पेंटहाउस की डील हुई है, उसका सुपर एरिया 17,200 वर्ग फीट है, जबकि इसका कारपेट एरिया 10,500 वर्ग फीट है. सुपर एरिया के आधार पर DLF ने इसे 1.58 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट और कारपेट एरिया के आधार पर लगभग 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट के भाव पर बेचा है.
17 एकड़ में फैले इस सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट में कुल 420 अपार्टमेंट और पेंटहाउस हैं. इस प्रोजेक्ट के सामान्य अपार्टमेंट्स की कीमत भी 100 करोड़ से 170 करोड़ रुपये के बीच है, जबकि पेंटहाउस की कीमत इससे भी अधिक है. DLF को इस पूरे प्रोजेक्ट से 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व (Revenue) की उम्मीद है और इसके 65% से ज्यादा यूनिट्स पहले ही बिक चुके हैं.
देश में बढ़ रहा है लग्जरी घरों का क्रेज
कोरोना महामारी के बाद से देश के प्रमुख सात शहरों में लग्जरी घरों और पेंटहाउस की मांग में जबरदस्त उछाल आया है. खासकर गुरुग्राम और मुंबई जैसे शहरों में हाई-एंड प्रॉपर्टीज के लिए करोड़ों-अरबों रुपये खर्च करने वाले खरीदारों की कोई कमी नहीं है. बड़े कारोबारी और अमीर वर्ग अब ऐसे प्रीमियम लिविंग स्पेसिसेज को प्राथमिकता दे रहे हैं जो बेजोड़ लग्जरी, प्राइवेसी और वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं प्रदान करते हैं.
ये भी पढ़ें: ट्रेन में सफर के दौरान तबीयत खराब हो जाए तो कैसे बुलाएं डॉक्टर? पूरा प्रोसेस समझ लीजिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं