भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने रविवार को एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. मंधाना पुरुष और महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. मंधाना ने कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में 19 गेंदों पर ताबड़तोड़ अंदाज में 37 रनों की शानदार पारी खेलकर यह उपलब्धि अपने नाम की है.
मंधाना ने सूजी बेट्स को छोड़ा पीछे
उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में न्यूजीलैंड की पूर्व क्रिकेटर सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया. अब उनके नाम 171 पारियों में 4788 रन हैं. इस मैच से पहले, मंधाना के नाम 170 पारियों में 4751 रन थे और न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी से आगे निकलने के लिए उन्हें सिर्फ आठ रन चाहिए थे. उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत करते ही 7 गेंदों में दो चौके और दो सिंगल से यह उपलब्धि अपने नाम कर ली.
मंधाना और बेट्स पहले से ही पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बाबर आजम से आगे थीं. अब उन्होंने उनसे और भी ज्यादा बढ़त बना ली है.
बाबार आजम और जोस बटलर भी छूटे पीछे
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट (पुरुष और महिला) में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में स्मृति मंधाना पहले पायदान पर पहुंच गई हैं. उनके नाम 4,788 हैं. न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स 4,758 दूसरे पायदान पर हैं. पाकिस्तान के अनुभवी खिलाड़ी बाबार आजम 4,596 रन के साथ तीसरे नंबर पर हैं. इंग्लैंड के जोस बटलर 4,292 रन के साथ चौथे पायदान पर हैं. वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर 4,287 रन के साथ पांचवें पायदान पर हैं.
ODI में नंबर-1 बनने के लिए मंधाना को कितने रन की जरूरत?
स्मृति मंधाना के पास आने वाले समय में महिला क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. 30 साल की मंधाना फिलहाल महिला वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की लिस्ट में छठे स्थान पर हैं. उन्होंने 120 वनडे में 5411 रन बनाए हैं, जिसमें 47.88 का औसत, 14 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं. वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने के लिए उन्हें 2110 रन और बनाने होंगे.
इस फॉर्मेट में भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज 7805 रन के साथ टॉप पर हैं, जिन्होंने 232 मैचों में 50.68 के औसत से रन बनाए थे. मिताली के नाम 7 शतक और 64 अर्धशतक हैं. हालांकि, मंधाना इसी महीने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मिताली को पीछे छोड़ चुकी हैं. मंधाना के नाम 10987 इंटरनेशनल रन हैं, जबकि मिताली ने 10868 रन बनाए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं