विज्ञापन

वायुसेना के जवान का छुट्टी पर आने का इंतजार करते रहे परिजन, घर पहुंचा तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर

वायुसेना के जवान का जैसे ही पार्थिव शरीर उसके घर पहुंचा तो कोहराम मच गया. जिसके छुट्टी पर आने के लिए परिवारवाले इंतजार कर रहे थे. उसका तिरंगा में लिपटा पार्थिव शरीर उस दिन घर आने के बारे में किसी ने नहीं सोचा था.

वायुसेना के जवान का छुट्टी पर आने का इंतजार करते रहे परिजन, घर पहुंचा तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर
कोटपूतली के वायुसेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नारायणपुर क्षेत्र से एक भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है. भारतीय वायुसेना में तैनात हवलदार विक्रम पायला (27) का गुजरात में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई. बड़ी बात है कि शनिवार को वे छुट्टी लेकर घर आने वाले थे, लेकिन उनकी जगह तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा. जिस पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान छह माह की मासूम बेटी ने पिता को मुखाग्नि दी और पत्नी ने अंतिम सैल्यूट कर विदाई दी. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए.

बड़सर एयरफोर्स स्टेशन पर थी तैनाती

वायुसेना में हवलदार विक्रम पायला नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोलाहेड़ा गांव के निवासी हैं. वह गुजरात के गांधीनगर स्थित एयरफोर्स स्टेशन बड़सर की 787 एसयू बटालियन में तैनात थे. शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गई.

विक्रम के छुट्टी पर आने का इंतजार कर रहे थे परिजन

विक्रम शनिवार को छुट्टी लेकर अपने घर आने वाले थे. परिवार उनके स्वागत की तैयारियों में जुटा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की सूचना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. सूचना मिलने के बाद उनके पिता गुजरात पहुंचे और सेना के अधिकारियों के साथ पार्थिव शरीर को लेकर शनिवार दोपहर नारायणपुर पहुंचे.

Latest and Breaking News on NDTV

जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर सेना के वाहन से गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. पत्नी मंजू देवी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

6 महीने की बेटी ने दी मुखाग्नि

पत्नी ने अपने पति को अंतिम सैल्यूट कर भावभीनी विदाई दी, जबकि मात्र छह माह की बेटी निमिषा ने पिता को मुखाग्नि देकर सभी की आंखें नम कर दीं. यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया. पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने के बाद नारायणपुर से कोलाहेड़ा तक करीब आठ किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आसपास के गांवों के लोग शामिल हुए. पूरे रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम् और वीर जवान अमर रहें के नारों से वातावरण गूंजता रहा.

हवलदार विक्रम पायला

हवलदार विक्रम पायला

वायुसेना के जवान की मौत से गांव में पसरा मातम

लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की. विक्रम पायला वर्ष 2018 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे. उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा की, वे अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे. परिवार में माता-पिता, पत्नी, छह माह की बेटी और दो छोटे भाई हैं. जवान के असमय निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. 

यह भी पढे़ं-  घर में शहनाई बजने की थी तैयारी, पर वायुसेना के शहीद जवान का आया पार्थिव शरीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Jaipur News, IAF Soldier Last Rites India, Rajasthan Latest News, Kotputli News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com