विज्ञापन

NEET पेपर लीक के आरोपी संग वायरल फोटो पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने तोड़ी चुप्पी, डोटासरा का नाम लेकर दिया बड़ा बयान

नीट पेपर लीक मामले के आरोपी के साथ फोटो वायरल होने के बाद राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जोधपुर में तीखा पलटवार किया है. अपने बयान में उन्होंने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का उदाहरण भी दिया है. जानिए मंत्री ने क्या कुछ कहा.

NEET पेपर लीक के आरोपी संग वायरल फोटो पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने तोड़ी चुप्पी, डोटासरा का नाम लेकर दिया बड़ा बयान
NEET पेपर लीक मामले में जयपुर से पकड़े गए आरोपियों संग मदल दिलावर की वायरल तस्वीर.

Jodhpur News: देश भर में चर्चा का विषय बने नीट पेपर लीक (NEET 2026 Paper Leak) मामले की आंच अब राजस्थान की सियासत तक पहुंच गई है. सोशल मीडिया पर आरोपी के साथ फोटो वायरल होने के बाद राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilawar) ने गुरुवार को जोधपुर में अपनी चुप्पी तोड़ी. सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने न केवल अपनी स्थिति स्पष्ट की, बल्कि पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) का नाम लेकर कांग्रेस पर पलटवार भी किया.

'मेरी फोटो तो डोटासरा के साथ भी है...'

फोटो विवाद पर सफाई देते हुए मदन दिलावर ने बेबाकी से कहा, 'राजनीति में हर दिन हजारों लोग हमारे साथ फोटो खिंचवाते हैं. किसी के साथ फोटो होने या 50 रुपये के पोस्टर में नाम छप जाने से यह साबित नहीं होता कि वह व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा है या मेरा करीबी है.'

मंत्री ने आगे कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी तस्वीरें तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ भी सार्वजनिक मंचों पर मौजूद हैं, तो क्या इसके आधार पर डोटासरा को भी उन्हीं की श्रेणी में खड़ा कर दिया जाए? उन्होंने तंज कसा कि फोटो किसी के चरित्र का प्रमाण पत्र नहीं हो सकती.

कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

मदन दिलावर ने पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राजस्थान में पेपर लीक का जो जाल फैला, वह पिछली सरकार की देन है. उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के कई 'दिग्गज' इसी वजह से जांच के घेरे में हैं. मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि 'सौ चूहे खाकर बिल्ली अब हज को चली है.' भाजपा सरकार नकल माफिया को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

जांच एजेंसियों पर भरोसा

शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि नीट का मामला राष्ट्रीय स्तर पर जांच एजेंसियों के अधीन है. राज्य सरकार हर संभव सहयोग कर रही है. उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि नकल माफिया के खिलाफ उनकी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' की नीति जारी रहेगी और एजेंसियां दूध का दूध और पानी का पानी कर देंगी.

ये भी पढ़ें:- NEET आरोपी दिनेश बिंवाल को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में ठनी, राठौड़ ने झाड़ा पल्ला तो जूली ने पेश किए सबूत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com