विज्ञापन

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: अमरनाथ जा रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, 4 की मौत

अमरनाथ यात्रा पर जा रहे बालोतरा के श्रद्धालुओं की टेंपो ट्रैवलर पंजाब के बठिंडा में खड़े ट्रेलर से टकरा गई. भीषण हादसे में दो दंपतियों सहित 4 लोगों की मौत हो गई. 

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: अमरनाथ जा रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, 4 की मौत
बालोतरा के 4 लोगों की पंजाब में सड़क हादसे में मौत हो गई.
NDTV

Rajasthan News: राजस्थान के बालोतरा से अमरनाथ बाबा के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ पंजाब के बठिंडा में एक भयावह सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में बालोतरा के गांधीपुरा क्षेत्र के रहने वाले चार श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.

सुबह अचानक हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार बालोतरा के गांधीपुरा मोहल्ले से श्रद्धालुओं का एक दल अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ था. उनका कार्यक्रम पहले अमृतसर में दर्शन करने का था और उसके बाद उन्हें जम्मू होते हुए अमरनाथ यात्रा के लिए आगे बढ़ना था.

सुबह करीब 6 बजे बठिंडा के पास उनकी टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल पहुँचाया गया जहाँ उनका उपचार जारी है.

आस्था के सफर का दुखद अंत

हादसे में जान गंवाने वालों में पंकज परिहार, उनकी पत्नी डिंपल परिहार, महेंद्र कुमार और उनकी पत्नी मनीषा शामिल हैं. इस पूरे मामले में एक मार्मिक पहलू यह भी सामने आया कि हादसे के कुछ ही मिनट पहले, सुबह 5.39 बजे पंकज परिहार ने सोशल मीडिया पर गणेश आरती का एक स्टेटस साझा किया था. शायद किसी ने सोचा भी नहीं था कि उनकी यह आखिरी पोस्ट होगी.

झपकी बनी हादसे की वजह?

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी चला रहे चालक को शायद झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और खड़ी गाड़ी से जा टकराया. हालांकि पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सके. घटना की खबर जैसे ही बालोतरा पहुंची, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई. गांधीपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में सन्नाटा पसर गया. 

यह भी पढ़ें- जालौन सड़क हादसा: अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक से जा टकराई, 4 लोगों की मौत, 8 गम्भीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amarnath Yatra, Punjab Road Accident, Rajasthan Road Accident, Bathinda AIIMS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com