जुलाई महीने की पहली सुबह आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है. इंडियन ऑयल(IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) जैसी सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने एक तरफ तो कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 183 रुपये तक घटा दिए हैं, तो वहीं दूसरी ओर 5 किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर पर भी बड़ी राहत दी है. इंडियन ऑयल के मुताबिक, दिल्ली में 5 किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर 13 रुपये तक सस्ता हो गया है. दिल्ली में 5 किलो वाले LPG गैस सिलेंडर की कीमत अब 821.50 रुपये से घटाकर 808.50 रुपये कर दी गई है.
13 रुपये सस्ता हुआ 'छोटू' सिलेंडर
'इंडियन ऑयल' (Indian Oil) ने एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है. इस कटौती का फायदा 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के साथ-साथ घरेलू मोर्चे पर इस्तेमाल होने वाले 5 किलोग्राम के 'छोटू' (Chotu) एफटीएल (FTL) सिलेंडर को भी मिला है, जिसके दाम आज से कम हो गए हैं.
अगर आप घर में या अपनी छोटी दुकान पर 5 किलो वाले 'छोटू' सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, तो आज से आपकी जेब पर बोझ थोड़ा कम होने वाला है.
- दिल्ली में पुरानी कीमत: 821.50 रुपये प्रति सिलेंडर
- दिल्ली में नई कीमत (आज से): 808.50 रुपये प्रति सिलेंडर
- कुल बचत: आज से प्रति रीफिल सिलेंडर 13 रुपये बचेंगे
कमर्शियल सिलेंडर कितना सस्ता हो गया?
इंडियन ऑयल ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ी कटौती की है. 1 जून के मुकाबले आज (1 जुलाई) कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की भारी कटौती की गई है. दिल्ली में अब ये सिलेंडर 3,113.50 रुपये की जगह 2,930 रुपये में मिलेगा.
क्यों बढ़े थे गैस सिलेंडर के दाम?
तेल कंपनियों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर एलपीजी की कीमतों में भारी अस्थिरता देखी गई थी. सप्लाई चेन प्रभावित होने की वजह से भारत में आयात (Import) पर बुरा असर पड़ा. बता दें कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 50% एलपीजी विदेशों से आयात करता है.
जनवरी के मुकाबले अब भी 68% महंगा
भले ही आज सरकार और तेल कंपनियों ने ₹183.50 की कटौती करके राहत देने की कोशिश की है, लेकिन अगर हम युद्ध से ठीक पहले यानी 1 फरवरी 2026 की कीमतों (1740.50 रुपये) से तुलना करें, तो कमर्शियल सिलेंडर आज भी 1,189.50 रुपये यानी करीब 68.34% महंगा मिल रहा है.
फिलहाल 'छोटू' सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों के लिए आज की ये कटौती थोड़ी राहत लेकर आई है.
ये भी पढ़ें: LPG Price Cut: आज से सस्ता हो गया कमर्शियल LPG सिलेंडर, 183 रुपये तक घट गए दाम, यहां चेक करें नई कीमतें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं