पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए रील बनाने का ट्रेंड चल रहा है. सोशल मीडिया पर बहुत सारे युवाओं में हथियारों के साथ फोटो और रील पोस्ट कर दबंग बनने का शौक देखा जा रहा है. लेकिन झालावाड़ में सोशल मीडिया पर इस तरह से दबंगई दिखाना अब ऐसे युवाओं को भारी पड़ रहा है. पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है और पिछले 18 दिनों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
झालावाड़ पुलिस सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और स्पेशल टीमों ने अभियान चलाकर पिछले 18 दिनों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

18 दिनों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
Photo Credit: NDTV
आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या रील पोस्ट कर दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट, शांति भंग और अन्य कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. वहीं, जिन मामलों में असली हथियारों का इस्तेमाल पाया जा रहा है, उनमें आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं.
झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले की सभी थाना पुलिस और स्पेशल टीमें लगातार सोशल मीडिया की निगरानी कर रही हैं. संदिग्ध पोस्ट और वायरल रीलों पर नजर रखकर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. झालावाड़ पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने या हथियारों का प्रदर्शन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
एसपी अमित कुमार ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधि करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. झालावाड़ में पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में भी सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें-: मोबाइल सिम एक्टिव करने के लिए शेयर किया OTP, भारी मुश्किल में फंसा किसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं