विज्ञापन

'मुंबई-गोवा हाईवे के उद्घाटन में नहीं आऊंगा, मुझे शर्म आती है', बोले नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हाईवे का 93-94% काम पूरा हो चुका है और बचे हुए काम का जायजा लेने के लिए मुंबई से गोवा यात्रा करने की योजना बना रहा हूं.

'मुंबई-गोवा हाईवे के उद्घाटन में नहीं आऊंगा, मुझे शर्म आती है', बोले नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने प्रोजेक्ट में देरी होने पर जताई नाराजगी. (Photo: IANS)
  • नितिन गडकरी ने कहा- मुंबई-गोवा हाईवे प्रोजेक्ट में हुई देरी से शर्मिंदा हूं.
  • मुंबई-गोवा 4-लेन हाईवे प्रोजेक्ट 2011 में शुरू हुआ था.
  • गडकरी ने बताया 93-94% काम पूरा हो चुका है, जल्द ही जायजा लेने जाऊंगा.
पणजी:

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे प्रोजेक्ट में हुई देरी को लेकर बड़ा बयान दिया है. गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हाईवे के उद्घाटन में वे शामिल नहीं होंगे क्योंकि परियोजना पूरी होने में उम्मीद से कहीं ज्यादा वक्त लग गया और इसे लेकर उन्हें शर्म महसूस होती है. मुंबई-गोवा हाईवे महाराष्ट्र और गोवा के बीच सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में गिना जाता है. हालांकि, भूमि अधिग्रहण, तकनीकी चुनौतियों और अन्य कारणों से इसका काम तय वक्त के मुकाबले काफी लंबा खिंच गया, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को वर्षों तक परेशानी झेलनी पड़ी.

पणजी के उत्तर में भीड़-भाड़ वाले रास्ते से बचने के लिए बनाए गए 5.15 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के उद्घाटन समारोह में गडकरी ने यह बात कही.

उन्होंने कहा, "अब मैंने इसके उद्घाटन के लिए अच्छे वक्त का इंतजार करना छोड़ दिया है. मैंने तय किया है कि मैं मुंबई-गोवा हाईवे के उद्घाटन के लिए नहीं जाऊंगा क्योंकि इसमें हुई देरी पर मुझे शर्म आती है."

हालांकि, गडकरी ने उम्मीद जताई कि प्रोजेक्ट जल्द ही पूरा हो जाएगा. उन्होंने कहा, "कल मेरी एक मीटिंग हुई थी और मुझे बताया गया कि हाईवे का 93-94% काम पूरा हो चुका है. अक्टूबर में, मैं मुंबई एयरपोर्ट पर उतरूंगा और काम की स्थिति देखने के लिए कार से गोवा आऊंगा."

ये भी पढ़ें: 'बहुत काम कर लिया, अब नई पीढ़ी को मौका मिले', नितिन गडकरी ने ऐसा क्यों कहा?

15 साल पहले शुरू हुआ था प्रोजेक्ट

मुंबई-गोवा के पुराने दो-लेन वाले हाईवे को चार-लेन वाली सड़क में बदलने का प्रोजेक्ट 2011 में शुरू किया गया था. इसका मकसद सफर में लगने वाले वक्त को करीब 12 घंटे से घटाकर छह घंटे करना था.

लेकिन हाईवे के कई अहम हिस्सों पर काम लंबे वक्त से रुका हुआ है. इसके साथ ही, कुछ हिस्सों में नुकसान की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कंस्ट्रक्शन की क्वालिटी को लेकर भी चिंताएं जताई गई हैं.

ये भी पढ़ें: नितिन गडकरी बोले- मुझे पढ़े-लिखे से ज्यादा अंडरवर्ल्ड और रेड लाइट एरिया से वोट मिले, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitin Gadkari, Mumbai-goa Highway Latest News, Goa, Traffic Flow, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com