राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में 39 जिलों में 162 निकायों के लिए वोट डाले गए. बुधवार, 9 सितंबर को हुई वोटिंग में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. चुनाव अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में मतदान का प्रतिशत 76.41 प्रतिशत रहा. कई जिलों में वोट प्रतिशत बढ़ा लेकिन कई जगह पिछली बार की तुलना में कम वोटिंग हुई. बढ़े और घटे मतदान प्रतिशत के बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय नेता अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाल रहे हैं. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि बढ़ा मतदान सत्ता के पक्ष में संकेत है या बदलाव की आहट.
राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रथम चरण में राज्य के 5393 वार्ड में पार्षद के लिए वोट डाले गए. मतदान में लगभग 43.95 लाख मतदाताओं ने वोट डाले और कुल मत प्रतिशत 76.41 प्रतिशत रहा. इस चरण में 20 हजार से अधिक उम्मीदवार अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं. पहले चरण में चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाएं शामिल हैं. बाकी बचे निकायों में शुक्रवार, 11 सितंबर को मतदान होगा.मतगणना 14 सितंबर को होनी है.
किस जिले में कितना मतदान हुआ?
अधिकारियों के अनुसार प्रतापगढ़ जिले की अरनोद नगर पालिका में सबसे अधिक 91.98 प्रतिशत मतदान हुआ. वहीं भीलवाड़ा नगरपालिका में सबसे कम 63.68 प्रतिशत मतदान हुआ.
राजस्थान निकाय चुनाव पहले चरण की वोटिंग में जिलावार स्थिति इस प्रकार रही -
- भीलवाड़ा में मतदान घटा. पिछली बार 67.13 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 63.84 प्रतिशत वोटिंग हुई.
- भरतपुर नगर निगम में मतदान बढ़ा. 71.86 प्रतिशत से बढ़कर 73.13 प्रतिशत वोटिंग. भरतपुर में 2019 में कांग्रेस ने निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बोर्ड बनाया था.
- अलवर में मामूली बढ़ोतरी हुई और 65.36 प्रतिशत से बढ़कर 65.75 प्रतिशत मतदान हुआ.
- बीकानेर में वोटिंग बढ़ी. पिछली बार 66.93 प्रतिशत से बढ़कर इस बार 68.91 प्रतिशत वोटिंग हुई.
- झालावाड़ में करीब 4 प्रतिशत मतदान बढ़ा. इस बार 75 प्रतिशत से बढ़कर 79 प्रतिशत वोटिंग हुई.
- चूरू में मतदान घटा. 74.30 प्रतिशत से घटकर 72.81 प्रतिशत हो गया.
- झुंझुनूं में मतदान 2.01 प्रतिशत कम हुआ. पिछली बार 80.90 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 74.79 प्रतिशत वोटिंग हुई.
- धौलपुर में मतदान लगभग स्थिर रहा. वोटिंग 74.69 प्रतिशत से घटकर 74.63 प्रतिशत हो गया.
- नागौर में पिछली बार से वोटिंग बढ़ी.
ये भी पढ़ें-: मर्सिडीज में आए बदमाशों ने युवक का किया अपहरण, भागते समय नाले में गिरी कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं