Rajasthan News: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने मंगलवार सुबह अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से NDTV की तरफ से बनाए गए के एक मैप की तस्वीर शेयर करते हुए कांग्रेस (Congress) कार्यकर्ताओं को बड़ा मैसेज दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में लिखा है कि 3 मई को उनके जन्मदिन पर कोई भी जयपुर न आए.
मैप में क्या दिखाया गया है?
NDTV के मैप में देशभर के उन 16 जगहों का जिक्र किया गया है जहां का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है. इस मैप में राजस्थान के 5 शहरों के नाम हैं. सबसे ज्यादा जैसलमेर में 46.4°C तापमान है. इसके अलावा बाड़मेर में 46°C, कोटा में 45.7°C, फलोदी में 45.4°C और चूरू में 45.3°C तापमान है. यह तापमान नॉर्मल से ज्यादा है, जिस वजह से धूप के संपर्क में ज्यादा समय रहने से लोग बीमार पढ़ सकते हैं.
भारत इस समय दुनिया के सबसे गर्म देशों में है। उत्तर भारत में गर्मी और लू सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। आने वाले दिनों में यह गर्मी और बढ़ने वाली है जो बहुत चिंता का विषय है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) April 28, 2026
ऐसी विकट परिस्थितियों को देखते कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों से आग्रह है कि 3 मई को मेरे जन्मदिन पर कृपया जयपुर… pic.twitter.com/n51BI4qmxc
'मैं खुद न्योता देकर बुलाऊंगा'
इसी पर चिंता जताते हुए पूर्व सीएम गहलोत ने एक्स पर लिखा, 'भारत इस समय दुनिया के सबसे गर्म देशों में है. उत्तर भारत में गर्मी और लू सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है. आने वाले दिनों में यह गर्मी और बढ़ने वाली है जो बहुत चिंता का विषय है. ऐसी विकट परिस्थितियों को देखते कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों से आग्रह है कि 3 मई को मेरे जन्मदिन पर कृपया जयपुर न पधारें. आप अपने स्थान पर ही सेवाकार्य कर सकते हैं. आगामी दिनों में मौसम ठीक होने पर मैं आपको निमंत्रित कर आपसे मुलाकात करूंगा.'
गहलोत ने लोगों से की यह अपील
पूर्व सीएम ने आगे लिखा, 'इस गर्मी में अपना एवं अपनों का ख्याल रखें एवं अपने आसपास पशु-पक्षियों के लिए पानी अवश्य रखें. अनावश्यक घर से बाहर न निकलें एवं लू से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम रखें. समाजसेवियों से आग्रह है कि इस गर्मी में आमजन की सेवा के लिए अधिक से अधिक प्याऊ लगवाएं.'
लोग इस फैसले पर क्या कह रहे हैं?
गहलोत के इस ट्वीट पर लोग तरह-तरह के कमेंट्स भी कर रहे हैं. कुछ लोग जनहित में लिए गए इस फैसले के लिए पूर्व सीएम की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग यह पूछ रहे हैं कि जो लोग पहले से ही जयपुर में हैं वो आ सकते हैं या नहीं?
ये भी पढ़ें:- राजस्थान के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां कब पड़ेंगी? 45 के बजाए इस बार सिर्फ 35 दिन ही कर पाएंगे एंजॉय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं