विज्ञापन

RR vs PBKS, IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने इन तीन रणनीति पर कर लिया काम तो हो जाएगा विरोधी टीमों का काम तमाम, समझें गणित

Rajasthan Royals Three strategical Move vs PBKS; IPL 2026: आठ मैचों में 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज राजस्थान (RR) के लिए आज पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ होने वाला मुकाबला करो या मरो जैसा है.

RR vs PBKS, IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने इन तीन रणनीति पर कर लिया काम तो हो जाएगा विरोधी टीमों का काम तमाम, समझें गणित
Rajasthan Royals Three strategical Move vs PBKS; IPL 2026:

Rajasthan Royals Three strategical Move vs PBKS; IPL 2026: आईपीएल 2026 के इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की कहानी किसी रोलरकोस्टर राइड से कम नहीं रही है. धमाकेदार शुरुआत और लगातार चार जीत के बाद टीम का रथ अचानक पिछले चार मैचों में लड़खड़ा गया है, जिसमें से उसे तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. आठ मैचों में 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज राजस्थान के लिए आज का पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला मुकाबला करो या मरो जैसा है. टीम की सबसे बड़ी कमजोरी कप्तान रियान पराग की खराब बल्लेबाजी फॉर्म बनकर उभरी है, आरआर के प्रदर्शन में गिरावट की एक बड़ी वजह भी कप्तान रियान पराग रहे हैं. 

पराग कप्तान के रूप में शानदार रहे हैं. फील्ड पर अपने निर्णयों से उन्होंने प्रभावित किया है और छोटे स्कोर के बचाव करने में भी सफल रहे हैं, लेकिन एक बल्लेबाज के रूप में पराग के लिए यह सीजन अबतक बेहद निराशाजनक रहा है. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आने वाले पराग 8 मैचों की 8 पारियों में मात्र 88 रन बना सके हैं. उनका औसत 12.57 है. आरआर के लिए पराग की फॉर्म सबसे बड़ी चिंता है. पिछले 4 मैचों में मिली 3 हार के बाद उनकी फॉर्म चर्चा के केंद्र में आ गई है. एक बल्लेबाज के तौर पर उनका बल्ला खामोश रहना टीम के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ रहा है.

राजस्थान को वापसी के लिए रणनीति में करने होंगे तीन बड़े बदलाव

सबसे पहले, ओपनिंग में युवा वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी पर अधिक निर्भरता दिखानी होगी, ताकि पावरप्ले में एक ठोस और आक्रामक शुरुआत मिल सके. इस जोड़ी ने पहले भी अपनी आक्रामकता से विरोधी टीमों को बैकफुट पर धकेला है. दूसरा, कप्तान पराग को नंबर 4 पर अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बड़ी पारियां खेलनी होंगी, क्योंकि इस पोजीशन पर विफलता टीम को भारी नुकसान पहुंचा रही है.

तीसरा ये की आखिर में टीम को अपने आक्रामक मिजाज को सिर्फ शुरुआत तक सीमित न रखकर आखिरी के 4 ओवरों में भी बरकरार रखना होगा. अगर राजस्थान के निचले क्रम के बल्लेबाज डेथ ओवरों में रफ्तार से रन बटोरने में सफल रहते हैं, तो वो एक ऐसा बड़ा टोटल खड़ा कर पाएंगे जिसे पार पाना किसी भी विरोधी के लिए मुश्किल होगा.

इस IPL सीजन पंजाब किंग्स एक बेहद मजबूत टीम है और सीजन में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब ने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के दिए 265 रन के लक्ष्य को हासिल कर रिकॉर्ड बना दिया था.

पंजाब के खिलाफ आरआर सिर्फ वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल पर निर्भर नहीं रह सकती. पराग कप्तान के साथ-साथ टीम के अहम बल्लेबाज भी हैं. एक बल्लेबाज के रूप में उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और रन बनाने होंगे, नहीं तो टूर्नामेंट अब मुश्किल चरण में प्रवेश कर रहा है. यहां से अगले 2-3 मैच तय करेंगे कि आरआर प्लेऑफ में जाती है या नहीं.

आरआर अगर पंजाब को उसके घर में हराने में कामयाब रहती है, तो यह टीम के आत्मविश्वास के लिए अहम होगा. सीजन में अपराजेय रही टीम के खिलाफ उसके घर में जीत आरआर के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी. लेकिन इसके लिए आरआर को अपने कप्तान से एक अच्छी पारी की उम्मीद रहेगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com