विज्ञापन

चंद दिन बाद NEET Re-Exam, पर जान गंवा बैठी राजस्थान की छात्रा; सालों की मेहनत पर फिरा पानी

NEET पेपर लीक होने के बाद से अब तक नीट परीक्षा की तैयारी करने वाले राजस्थान के 3 छात्र आत्महत्या कर चुके हैं. सबसे पहले सीकर में एक छात्र ने जान दी. उसके बाद झुंझुनूं के 22 वर्षीय उमेश ने फांसी लगाई. अब छात्रा रेणु के आत्महत्या की जानकारी आई.

चंद दिन बाद NEET Re-Exam, पर जान गंवा बैठी राजस्थान की छात्रा; सालों की मेहनत पर फिरा पानी
जान गंवा बैठी राजस्थान की छात्रा

NEET पेपर लीक और नीट परीक्षा रद्द होने के बाद से राजस्थान के अब तक 3 छात्र आत्महत्या कर चुके हैं. हाल ही में सीकर में एक नीट छात्र के सुसाइड के बाद अब एक छात्रा के आत्महत्या करने की जानकारी सामने आई है. छात्रा राजस्थान के अलवर की रहने वाली है और दिल्ली में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी. जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने नीट परीक्षा रद्द होने के बाद से तनाव में थी. परिजनों का कहना है कि छात्रा पढ़ाई को लेकर काफी सीरियस थी और रोजाना घंटों लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ती थी. 

दिल्ली में रहकर करती थी तैयारी

जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्रा रेणु मीणा (18) अलवर की रहने वाली है. वह दिल्ली में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी. वह अपने भाई-बहन के साथ रहती थी. उसने 14 जून को दिल्ली में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. बताया जा रहा कि 14 जून को सभी भाई-बहन पढ़ने के लिए लाइब्रेरी गए थे. जब शाम के समय सभी वापस लौटे तो रेणु अपने कमरे में चली गई. 

कुछ देर बाद भाई-बहनों ने रेणु को चाय पीने के लिए आवाज लगाई तो कमरे से कोई आवाज नहीं आई. शक होने पर दरवाजा खोला गया तो रेणु का शव रोशनदान में लगे फंदे से लटका मिला. परिजनों ने बताया कि रेणु पढ़ाई में काफी तेज थी. उसके 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिले थे. परिवार का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थी और रोजाना घंटों लाइब्रेरी में अध्ययन करती थी. 

परीक्षा रद्द होने से थी परेशान

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार रेणु आगामी प्रवेश परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रही थी. बताया यह भी जा रहा है कि NEET परीक्षा रद्द होने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थी. रेणु के सुसाइड की खबर मिलने पर सांसद संजना जाटव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची. सांसद संजना ने कहा कि NEET परीक्षा पेपर लीक से आहत होकर ग्राम भनोखर की बेटी रेनु मीना ने आत्महत्या कर ली. रेनु लंबे समय से दिल्ली में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थीं.

संजना जाटव ने आगे कहा कि आज देश में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर युवाओं में निराशा और अविश्वास का माहौल बनता जा रहा है. लगातार बढ़ती ऐसी दुखद घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि व्यवस्था को गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता है. आखिर कब तक मेहनती छात्रों और उनके परिवारों को व्यवस्था की विफलताओं की कीमत चुकानी पड़ेगी? 

बता दें कि नीट पेपर लीक होने के बाद से अब तक NEET की तैयारी करने वाले राजस्थान के 3 छात्र आत्महत्या कर चुके हैं. अभी 15 जून को सीकर में एक नीट छात्र उमेश माली ने फांसी लगाकर जान दे दी. उमेश  झुंझुनू के नवलगढ़ का रहने वाला था और सीकर में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था. जबकि उमेश से पहले झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र निवासी प्रदीप माहिच भी फांसी के फंदे पर झूल गया. वह भी सीकर में ही रहकर NEET की तैयारी कर रहा था. उसके पिता ने उसे कर्जा लेकर पढ़ाया था. 

यह भी पढे़ं- "जिनके राज में 19 पेपर लीक हुए, वो किस मुंह से स्टूडेंट्स से बात करेंगे", राहुल गांधी पर बीजेपी ने कसा तंज

लेखक के बारे में
img
मुदित गौड़
संवाददाता, अलवर
मुदित गौड़ अलवर संभाग में NDTV के संवाददाता हैं. अलवर सहित आसपास जिले की खबरें कवर करते हैं. उन्हें टीवी पत्रकारिता में 16 वर्षों का अनुभव है. वर्तमान... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Student Suicide, NEET Re Exam, NEET Re Exam News, NEET Exam News, NEET Student Suicide In Rajasthan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com