नरेश मीणा ने गुरुवार को नगरफोर्ट थाने में सरेंडर कर दिया है. पिछले महीने हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द होने के बाद नरेश मीणा आज सरेंडर करने पहुंचे. इसके बाद नरेश मीणा को एससीएसटी कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. उधर कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में नरेश मीणा के समर्थक जुटे रहे. साथ ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. पूरा कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. वहीं, नरेश मीणा के वकील ने कोर्ट की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया.
'एकपक्षीय सुनवाई की गई'
नगरफोर्ट थाने में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच नरेश मीणा को टोंक स्थित एससी-एसटी कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट में सुनवाई के बाद न्यायालय ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए. इस दौरान नरेश मीणा के अधिवक्ता फतेह मीणा ने कहा कि मामले में एकपक्षीय सुनवाई की गई. उनका कहना है कि उनकी ओर से याचिका प्रस्तुत करने की तैयारी थी, लेकिन उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर नहीं दिया गया.
पिछले महीने में रद्द हुई थी जमानत
नरेश मीणा को पिछले महीने 13 जुलाई को टोंक की एससी-एसटी कोर्ट ने हाईकोर्ट से मिली जमानत को रद्द कर दिया था. कोर्ट ने हाईकोर्ट से मिली जमानत की शर्तों के उल्लंघन को आधार मानते हुए यह आदेश दिया. कोर्ट ने जमानत को रद्द करते हुए कहा कि नरेश मीणा को जिन शर्तों पर जमानत मिली थी. उसका उन्होंने पालन नहीं किया था.
उपचुनाव के समय हुई थी हिंसा
इसके साथ ही एससी-एसटी कोर्ट ने उस समय नरेश मीना का गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था. बता दें कि नवंबर 2024 में राजस्थान की देवली उनियारा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान के हिंसा हुई थी. मतदान के दिन किसी बात पर नरेश मीणा ने एसडीएम को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद समरावता गांव में हिंसा और आगजनी हुई.

हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर हुए थे रिहा
बाद में एसडीएम के साथ थप्पड़कांड और हिंसा व आगजनी मामले में नरेश मीणा गिरफ्तार हुए थे. लंबे समय जेल में रहने के बाद नरेश मीणा को हाईकोर्ट ने 11 जुलाई 2025 को जमानत दी थी. जिसके बाद वह 14 जुलाई 2025 को जेल से रिहा हुए थे.
अब जब पिछले महीने टोंक की अदालत ने जमानत शर्तों का उल्लघंन करने पर हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द कर दी और साथ ही गिरफ्तारी वांरट जारी कर दिया. तो आज नरेश मीणा ने थाने में सरेंडर कर दिया है. पुलिस अब उन्हें एससी-एसटी कोर्ट में पेश करेंगी. (टोंक से रवीश टेलर के इनपुट के साथ)
यह भी पढे़ं-
पहले दंडवत प्रणाम, फिर झोली फैलाकर बैठे नरेश मीणा, प्रशासन से मांगी 'भीख'
Exclusive: फिर जेल पहुंचे नरेश मीणा, NDTV से कहा- मैं तो बच्चों को न्याय दिलाने पहुंचा था...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं