राजस्थान में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय होने के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. जिसकी वजह से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम हो गया. मौसम विभाग के अनुसार, 21-22 जुलाई को कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभागों के कुछ हेस्सों में बारिश होगी. 23 से 27 जुलाई तक कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभागों में मानसून सक्रिय रहेगा और बारिश का दौर जारी रहेगा.
रात से सीकर में बारिश
सीकर में रात करीब 2:30 बजे के बाद तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई. करीब दो घंटे तक लगातार तेज बारिश होने के बाद भी सुबह तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा. लगातार हो रही बारिश से सीकर शहर की कई सड़कें दरिया में तब्दील हो गईं. मुख्य मार्गों पर पानी की चादर बिछ गई, और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई.

सड़कों पर भरा पानी
सड़कों पर बरसाती पानी जमा होने से आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. नालियों और नालों का गंदा पानी भी मुख्य मार्गों पर आ जाने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं. बारिश के कारण शहर के नवलगढ़ रोड, बजाज रोड, पुराना लोहारू बस स्टैंड, फतेहपुर रोड, राधाकिशनपुरा रेलवे अंडरपास, घंटाघर क्षेत्र, दो नंबर डिस्पेंसरी सहित शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया.
कई स्थानों पर यातायात प्रभावित
बारिश का पानी भरने की वजह से कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा. बारिश के बाद नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन द्वारा मानसून से पहले किए गए जल निकासी के दावों की भी पोल खुलती नजर आई. थोड़ी ही देर की बारिश में शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 20, 2026
बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सीकर, डीडवाना-कुचामन, नागौर, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, भीलवाड़ा, टोंक, बूंदी, कोटा, झालावाड़ एवं बारां जिलों बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मेघगर्जन के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
यह भी पढ़ें: 'मुझे यहां से ले चलो...' बहू की गुहार के पीछे छिपा भयावह सच, ससुर का सालों से हवस मिटाने का चल रहा था खेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं