विज्ञापन

लेडी डॉन सुमता बिश्नोई को पुलिस ने जाल-बिछाकर दबोचा, व्यापारी से 2 करोड़ 45 लाख ठगने का आरोप

'लेडी डॉन' सुमता बिश्नोई के ऊपर 16 मुकदमे पहले से दर्ज हैं और पुलिस 2.45 करोड़ के एक नए मामले में उसकी तलाश कर रही थी.

लेडी डॉन सुमता बिश्नोई को पुलिस ने जाल-बिछाकर दबोचा, व्यापारी से 2 करोड़ 45 लाख ठगने का आरोप
सुमता बिश्नोई को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया
NDTV

राजस्थान के जोधपुर जिले में लेडी डॉन के नाम से चर्चित एक महिला सुमता बिश्नोई को गिरफ्तार किया है. उसके ऊपर एक व्यापारी के साथ 2 करोड़ 45 रुपये की ठगी करने का आरोप है. महिला काफी समय से फरार चल रही थी और पुलिस ने उसकी खबर देने के लिए इनाम भी घोषित किया हुआ था. पुलिस ने दो दिन पहले उसे गिरफ्तार किया और आज, 10 अगस्त को इस 'लेडी डॉन' को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया. इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को 14 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. अब पुलिस उससे अपनी रिमांड में इस मामले को लेकर पूछताछ करेगी.

काम करवाने के नाम पर लिए पैसे

इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि सुमता बिश्नोई के खिलाफ प्रार्थी व्यापारी पर्वत सिंह राजपूत ने बोरानाडा थाने में FIR दर्ज करवाई थी. एसीपी ने कहा,"उसने पुलिस को बताया कि सुमता बिश्नोई ने उससे दावा किया कि वह कई बड़े लोगों को जानती है और उसने विभिन्न प्रकार के काम करवाने के नाम पर 2.45 करोड़ ले लिए. लेकिन उसका कहना है कि ना तो उसका काम हुआ और ना ही अब वो पैसे वापस कर रही है."

एसीपी नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि आगे और जांच की जा रही है

एसीपी नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि आगे और जांच की जा रही है
Photo Credit: NDTV

मुखबिर से मिली जानकारी

एसीपी ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही सुमता बिश्नोई फरार हो गई थी. पुलिस ने उसे घर पर और कई और जगहों पर तलाश किया. लेकिन जब उसकी जानकारी नहीं मिली तो उसके बारे में सूचना देने के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया. कुछ दिन पहले एक मुखबिर से उसके अपने घर आने की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया. उसके साथ उसके दो और बेटों को गिरफ्तार किया गया है.

पहले से 16 मुकदमे दर्ज

एसीपी पारीक ने बताया कि शुरुआती जांच में ठगी का शक सही लग रहा है. फिलहाल पुलिस टीम आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि इस ठगी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. उन्होंने बताया कि आरोपी सुमता बिश्नोई के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस के गंभीर मामले भी शामिल हैं. फिलहाल पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ जारी है. आने वाले दिनों में इस ठगी मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें-: 'जब तक जिंदा हूं, कोई आरक्षण को हाथ नहीं लगा सकता', किरोड़ी लाल मीणा ने भरी सभा में किया वादा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jodhpur News, Fraud, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com